Monday, December 29, 2014

इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य हिस्सों में कोहरे और ठंड ने आम जनजीवन की रफ्तार पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया है। सर्दी और शीतलहर के कारण राजधानी में इंटरमीडिएट तक के स्कूलों को एक जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और कमी आने का अनुमान जताया है। 
राज्य में मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि दिन में शीतलहर और सर्दी का असर जारी रहेगा। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उप्र सहित सभी हिस्सों में शीतलहर का असर दिखाई देगा। गुप्ता के मुताबिक, सोमवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से पूरा उप्र सर्द हवाओं की चपेट में है। 

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान सोमवार को पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ के अलावा सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, इलाहाबाद का पांच डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 5.3 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
इधर, शीतलहर की वजह से रेल सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है। लखनऊ और कानपुर से होकर दिल्ली आने-जाने वाली लगभग एक दर्जन रेलगाड़ियों पर इसका असर देखा गया है। कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से 10 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि शीतलहर की वजह से दर्जनभर रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं। 
इस बीच, लखनऊ के जिलाधिकारी राजशेखर ने इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। पहले विद्यालयों को 28 दिसम्बर तक बंद रखने का आदेश दिया गया था।

गोडसे की प्रतिमा की स्थापना 30 जनवरी को ही

30 जनवरी को मेरठ समेत देश में तीन जगहों पर गोडसे की प्रतिमा की स्थापना पर अड़े हिंदू महसभा के पदाधिकारियों ने रविवार को यहां कहा कि अगर इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा तो वे तैयार हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी के खिलाफ कड़े तेवर दिखाते हुए उनसे गोडसे पर बयान के लिए सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। ऐसा न करने पर यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में बाजपेयी को सबक सिखाने का ऐलान किया।
शारदा रोड स्थित हिंदू महासभा के कार्यालय पहुंचे महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कौशिक, यूपी के महासचिव नवीन त्यागी और राष्टीय प्रवक्ता राकेश रंजन ने कहा कि मेरठ ऑफिस में जिस स्थान पर भूमि पूजन किया जा चुका है, उसी जगह 30 जनवरी को नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पुलिस की ओर से उनके राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और 15 कार्याकर्ताओं को मुचलका पाबंद करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें जेल ही क्यों न जाना पड़े लेकिन मूर्ति की स्थापना 30 जनवरी को ही की जाएगी।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए कौशिक ने कहा कि ये वही पार्टी है जो अपने शासनकाल में मेरठ से कमेले नहीं बद करा पाई थी। उन्होंने कहा कि अगर बाजपेयी अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगेंगे तो 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में वे यूपी के महासचिव नवीन त्यागी को उनके खिलाफ उतारेंगे। हिंदू महासभा की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि लक्ष्मीकांत के पिता खुद आजीवन हिंदु महासभा से जुड़े रहे।

हिंदू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री मदन ने फोन पर बताया कि मेरठ के अलावा सीतापुर और अंबाला (हरियाणा) के कार्यालयों में भी 30 जनवरी को नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अंबाला में नाथूराम गोडसे को फांसी दी गई थी, इसलिए अंबाला को चुना गया है। तीनों मूर्तियां जयपुर से बनवाई गई है। हर मूर्ति की कीमत 80 हजार से 1 लाख के बीच है। इनकी उंचाई 4 से 5 फीट के बीच है। ये मूर्तियां सफेद संगमरमर की बनवाई गई है। एक प्रतिमा को दिल्ली में रखा गया है, जबकि दो प्रतिमाएं अन्य स्थानों पर रखी गई हैं। मदन के अनुसार 2015 में महासभा की योजना देश के अपने अन्य कार्यालायों में नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगवाने का है। मुजफ्फरनगर में फरवरी में भूमि पूजन किया जाएगा।

Friday, December 26, 2014

शारदा रोड स्थित एक मंदिर के पास गोडसे की मूर्ति

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथुराम गोडसे का हिन्दू महासभा मंदिर बनाने जा रही है। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं ने मेरठ में मंदिर निर्माण के लिए एक अनुष्ठान का भी आयोजन किया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। शारदा रोड स्थित एक मंदिर के पास गोडसे की मूर्ति लगाने के लिए बुधवार को भूमि पूजा गई।
इस मौके पर अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के महासचिव आचार्य मदन ने गोडसे की तारीफ की। गोडसे को इन्होंने असली देशभक्त करार दिया। इन्होंने कश्मीर में अनुच्छेद 370 और राम मंदिर पर मोदी सरकार के रवैये की आलोचना भी की।
इस मौके पर महासभा के सदस्यों ने धर्मांतरण समारोह आयोजन करने का भी ऐलान किया। एडीएम नवनीत सिंह चहल ने मामले की गंभीरता को लेते हुए गुरुवार को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर भूमि पूजन करने का आरोप है हम वहां जाकर जांच करेंगे। इन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज हो गया है और किसी के खिलाफ दोष साबित होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नवनीत ने कहा कि जिला प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है।
एसएसपी ओंकार सिंह ने कहा कि यह बहुत आपत्तिजनक और गंभीर मसला है। इन्होंने कहा कि स्थानीय खुफिया विभाग को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। सिंह ने कहा कि यदि रिपोर्ट में आरोप साबित होते हैं तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा किसी को भी कानून-व्यवस्था पर चोट पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी।

Tuesday, December 23, 2014

ग्रेटर दिल्ली राज्य के लिए धरना

 ढिकौली गांव में तड़के गोली मारकर युवक को घायल कर दिया। मामले में बहन के देवर सहित 3 के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना चादीनगर क्षेत्र के ढिकौली गांव में सुबह करीब 5 बजे राकेश (24) पर फायरिंग की गई। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। बताया गया है कि राकेश की बहन की शादी 2010 में हापुड निवासी प्रशांत से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही दोनों में मनमुटाव हो गया था। दहेज का मामला भी चला। बहन गांव में ही रह रही है। पुलिस जांच कर रही है।
एनबीटी न्यूज, बागपत : ग्रेटर दिल्ली राज्य गठन को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्ययक्ष और बीजेपी नेता मुखिया गुर्जर ने वेस्ट यूपी के बागपत सहित 17 जिलो को दिल्ली से जोड़कर ग्रेटर दिल्ली राज्य बनाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वेस्ट यूपी से जितना रेवेन्यू मिलता है उसका चैथाई भी विकास पर खर्च नहीं होता। सारा पैसा ईस्ट और सेंट्रल यूपी पर खर्च होता है। दिल्ली में शामिल होने से विकास को गति मिलेगी। वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बैंच की मांग भी हल हो जाएगी। प्रदेश की 21 करोड़ आबादी की समस्याएं और विकास का हल होना लखनऊ में बैठकर संभव नहीं है।

Monday, December 22, 2014

बुजुर्ग को लड़की के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाया

अक्सर ऐसा होता है कि पुरुष महिलाओं का एमएमएस और विडियो बना कर उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। लेकिन मेरठ में इसके ठीक उलट मामला देखने को मिला। यहां एक 20 साल की लड़की ने 70 साल के बुजुर्ग से दोस्ती की, उन्हें नशीली दवा पिलाई और अपने साथ आपत्तिजनक अवस्था में उनका विडियो बना लिया। इसके बाद वह बुजुर्ग को पैसे के लिए ब्लैकमेल करने लगी।
पहले उसने 5 लाख रुपये मांगे। इसके बाद उसने कहा कि अगर बुजुर्ग के पास उसे देने के लिए कुछ भी नहीं है तो वह उसे अपनी किडनी दे दें। इसके बाद बुजुर्ग ने घबराकर पुलिस से मदद मांगी।
मेरठ के एसएसपी ओंकार सिंह ने शुक्रवार को बताया, "बुजुर्ग की शिकायत सुनने के बाद मैंने नौचंडी पुलिस स्टेशन को मामले की जांच करने और आफआईआर दर्ज करने के लिए कहा है।" बुजुर्ग एक रिटायर्ड बैंक एंप्लॉयी हैं और शहर के घंटानगर इलाके में अकेले रहते हैं। वह अक्सर बीमार रहा करते हैं। बुजुर्ग एक केस के सिलसिले में अक्सर कोर्ट जाया करते थे, जहां उनकी मुलाकात इस लड़की से हुई।
लड़की ने बुजुर्ग से मदद का वादा कर उससे दोस्ती कर ली। उसने बुजुर्ग से कहा कि वह उनकी बीमारी का इलाज कराएगी क्योंकि उसने एक हर्बल सेंटर में काम किया है। लड़की ने बुजुर्ग से उस हर्बल सेंटर का मेंबर बनने को कहा। बुजुर्ग ने बताया, "मैंने उसका प्रस्ताव मान लिया और 7 अप्रैल, 2014 को सेंटर का मेंबर बन गया। उसने सेंटर के मालिक और कर्मचारियों से मेरा परिचय कराया। उन्होंने मुझे दवाइयां दीं, जिन्हें मैंने 2 महीने तक लिया।"
बुजुर्ग के मुताबिक, 17 जून को लड़की ने उसे एक 'खास दवाई' दी जिसे लेकर वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो वह सेंटर के एक कमरे में नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। कुछ समय बाद वह लड़की 2 लोगों के साथ वहां आई और उसने बुजुर्ग को एक एमएमएस दिखाया। विडियो में बुजुर्ग को लड़की के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाया गया था।
बुजुर्ग ने बताया, "तीनों ने मुझे धमकी दी कि अगर मैंने उन्हें पैसे नहीं दिए तो वे यह विडियो क्लिप इंटरनेट पर डाल देंगे। खुद को बदनामी से बचाने के लिए मैं चुप रहा और अपनी सेविंग्स में से उन्हें 5 लाख रुपये दे दिए। लेकिन उनकी मांग यहीं नहीं रुकी, उन्होंने मुझसे और पैसै मांगे। जब मैंने कहा कि मेरे पास देने के लिए अब कुछ नहीं है तो उन्होंने मुझसे मेरी किडनी मांगी। "

Saturday, December 20, 2014

वेस्ट यूपी में हाइकोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन

वेस्ट यूपी में हाइकोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे वकीलों ने गुरुवार को दिल्ली-देहरादून हाइवे पर दो घंटे तक जाम लगाकर प्रर्दशन किया। इस दौरान उन्होंने इस मांग का विरोध कर रहे इलाहाबाद के वकीलों का पुतला भी फूंका। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से परेशान कुछ लोगों ने वकीलों से बहस भी की। शुक्रवार को वकील कलेक्ट्रेट, कमिश्नर ऑफिस और रजिस्ट्री ऑफिस का घेराव कर प्रर्दशन करेंगे।
गुरुवार 12 बजे सैकड़ों की संख्या में वकील दिल्ली-देहरादून हाइवे पर स्थित पल्लवपुरम फेज वन के पास पहुंचे। उन्होने यहां डीएमए फर्स्ट स्कूल के सामने जाम लगा कर वेस्ट यूपी में हाइकोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रर्दशन शुरू कर दिया। इस कारण दोनों ओर जाम लगने लगा। देखते-देखते दोनों ओर वाहनों की कतार करीब दो किमी लंबी हो गई। जाम से जूझ रहे लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान वकीलों के साथ मुसाफिरों की बहस भी हुई। इस दौरान महिला वकीलों ने आगे आकर मोर्च संभाल लिया। पुलिस के समझाने के बाद भी वकील नहीं माने। इस दौरान डीएमए के छात्र भी प्रर्दशन कर रहे वकीलों को सर्मथन देने की घोषण की। दो घंटे तक प्रर्दशन करने के बाद दो बजे वकीलों ने जाम खोल दिया।

वेस्ट यूपी हाइकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के सचिव एडवोकेट डीडी शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भी प्रर्दशन करेंगे। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर को मुजफ्फरनगर में संघर्ष समिति की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। कहा कि केंद्र सरकार और बीजेपी के नेता उनकी मांग को जायज मानते हैं, लेकिन शायद पॉलिटिक्ल कारणों से वे इसकी घोषणा नहीं कर रहे हैं।

Thursday, December 18, 2014

बुधवार सुबह दो मिनट का मौन

पाकिस्तान के पेशावर में आर्मी स्कूल में आतंकी हमले का दर्द मेरठ के स्कूलों तक पहुंचा। छात्रों ने बुधवार को दो मिनट का मौन रख कर वहां शहीद हुए छात्रों को श्रद्धांजलि दी। यहां आर्मी स्कूल और सेंट्रल पब्लिक स्कूलों के बाहर आर्मी के जवान सर्तकता बरतते दिखाई दिए।

मेरठ के लगभग सभी स्कूलों में पाकिस्तान के पेशावर में आतंकी हमले में शहीद हुए छात्रों के लिए बुधवार सुबह दो मिनट का मौन रखा गया। मेरठ पब्लिक स्कूल के छात्र हेमंत का कहना है कि आज स्कूल आते समय डर का अहसास हुआ। वहीं, दीवान पब्लिक स्कूल के राहुल का कहना था कि उनके देश की सुरक्षा एजेंसिया उनकी रक्षा करने में पूरी तरह समर्थ है। उसे इस बात का बेहद दुख है कि आतंकियों ने स्कूल के छात्रों को अपना निशाना बनाया। दीवान पब्लिक स्कूल के प्रिसिंपल एचएम राउत का कहना है कि हमारे स्कूल में हमने खुद र्प्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की हुई है। गेट पर सुरक्षा गार्ड के अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर के अन्य स्कूल जैसे सेंट मैरी अकैडमी, सोफिया गर्ल्स स्कूल आदि ने भी सामान्य परिस्थितियों के लिए अपने स्तर पर र्प्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया।