Thursday, July 29, 2010

प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ का आरोप

बासपदमका के एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने स्कूल के प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस मामले में बुधवार को गांव में पंचायत हुई। पंचायत में प्रिंसिपल का ट्रांसफर और सस्पेंड करने की मांग की गई। पंचायत के बाद सैकड़ों ग्रामीण एसडीएम पटौदी के. के. गुप्ता से मिले। एसडीएम ने ग्रामीणों को मामले में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। इससे पहले ग्रामीण डीसी से भी मिल चुके हैं। इसके बाद इस मामले की जांच एसडीएम को सौंपी गई थी।

Monday, July 26, 2010

पत्नी की हत्या के आरोप में पु्लिस ने पति को गिरफ्तार किया

पारिवारिक अनबन के चलते पत्नी की हत्या के आरोप में पु्लिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पति मायके में रह रही पत्नी से वापस अपने साथ चलने की जिद कर रहा था। पत्नी के न मानने पर बच्चे की छीना-छपटी के चक्कर में हुई मारपीट में महिला की मौत हो गई। महिला बीमारी के चलते मायके में रहकर इलाज करा रही थी। जानकारी के अनुसार प्रभात नगर निवासी मनीषा को डेढ़ साल पहले आनंद से पहली नजर में प्यार हो गया था। इस पर दोनों के घरवालों ने पहले नाराजगी दिखाई, लेकिन बाद में वह मान गए। शादी के बाद गृहस्थी का खर्च न चलने से पति-पत्नी में अनबन शुरू हो गई। इसी बीच एक बेटे का जन्म हुआ। खर्च बढ़ा, लेकिन आमदनी नहीं। इन सब हालात में मनीषा को पीलिया हो गया। पति की आर्थिक हालत इलाज कराने लायक नहीं थी, इसलिए वह बच्चे को लेकर मायके चली आई। शुक्रवार की शाम आनंद अपनी ससुराल पहुंचा । उस समय उसके ससुर कानपुर गए थे। घर पर मनीषा अपनी मां के साथ थी। पति ने मनीषा के सामने वापस उसके साथ चलने या बेटे को उसे सौंपने की जिद की। बातों ही बातों में मारपीट शुरू हो गई। पति आनंद पर आरोप है कि उसने गुस्से में आकर मनीषा के पेट में जोरदार लात मारी। लात लगते ही मनीषा वहीं गिर गई और उसने दम तोड़ दिया। मनीषा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत लीवर फटने से हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Thursday, July 22, 2010

अपने मोबाइल फोन से एसएमएस भेजकर किसी मामले में एफआईआर

जिले में अब लोग अपने मोबाइल फोन से एसएमएस भेजकर किसी मामले में एफआईआर दर्ज करा सकते हैं। अपने आप में अनोखी यह सर्विस अगले महीने से शुरू की जाएगी। मेरठ रेंज के डीआईजी जे. एन. सिंह ने यह जानकारी दी। सिंह ने कहा कि एसएमएस से एफआईआर दर्ज करने की सर्विस को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस सुविधा के जरिए कोई भी एसएमएस भेजकर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके लिए पुलिस स्टेशन में अब व्यक्ति की मौजूदगी जरूरी नहीं होगी। इससे लोगों के समय और धन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि इस सर्विस की सफलता के रेश्यो को देखते हुए पूरे प्रदेश में यह सुविधा शुरू की जाएगी।

Tuesday, July 13, 2010

पांच साल की कैद और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा

मेरठ की एक अदालत ने पुलिसकर्मियों पर हमले के दो आरोपियों को पांच साल कैद की सजा सुनाई है। फास्ट ट्रैक कोर्ट के अपर जिला जज पी. के. जैन ने हमले के आरोपियों तैयब और सईद को दोषी मानते हुए पांच साल की कैद और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों ने वेद व्यास इलाके में लूटपाट की सूचना मिलने पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लुटेरों पर फायरिंग की। जवाब में बदमाशों ने भी पुलिस पर गोली चलाई थी, लेकिन बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।