Thursday, February 18, 2016

जेएनयू (जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय) प्रकरण मेरठ में भी गरमाने लगा



जेएनयू (जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय) प्रकरण मेरठ में भी गरमाने लगा है। बुधवार को चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्रों ने जेएनयू प्रकरण को लेकर मार्च निकाला। विवि से शुरू होकर तेजगढ़ी तक मार्च निकालकर छात्रों ने जेएनयू के अध्यक्ष कन्हैया और उसके समर्थकों का विरोध करते हुए पुतला फूंका। छात्रों ने देशद्रोह के आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर आदित्य पंवार, सौरभ तोमर, हंस चौधरी, विशाल चौधरी, मोहित, अंकुर, विवेक, हिमांशु, आकाश, अभिषेक आदि रहे। उधर, भारतीय दलित विकास संस्थान की ओर से जेएनयू में राष्ट्र विरोधी गतिविधियां विषय पर गोष्ठी की। इसमें अध्यक्षता कर रहे चरण सिंह लिसाड़ी और विजेंद्र सागर ने कहा कि किसी भी संस्था या व्यक्ति को राष्ट्र विरोधी घटना करने की इजाजत नहीं है। विचार गोष्ठी में डा. मनोज जाटव, पूर्व पार्षद जगपाल बौद्ध, बिजेंद्र सागर, मोहर सिंह, अनिल कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह, अशोक अग्रवाल आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर में जेएनयू में राष्ट्र विरोधी तत्वों की भ‌र्त्सना की।
जेएनयू में देशविरोधी गतिविधियों पर आज डाक्टर निकालेंगे रैली
मेरठ : नेशनल मेडिकॉस आर्गेनाइजेशन की बुधवार को बैठक हुई। अध्यक्ष डा. वीरोत्तम तोमर, सचिव डा. विश्वजीत बैंबी के नेतृत्व में बैठक हुई। जेएनयू में हुए देशविरोधी प्रकरण को लेकर विशाल रैली निकालने का निर्णय लिया गया। बताया कि अंबेडकर चौराहे से शाम 5 बजे रैली निकाली जाएगी। इसमें पहल एक प्रयास, विश्व जागृति संगठन, संस्कार भारती समेत कई संगठनों ने सहयोग का ऐलान किया है।

Friday, February 12, 2016

ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या का प्रयास



महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। पल्लवपुरम फेज वन निवासी महिला चिकित्सक ने पति, सास व अन्य ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। परिजनों संग थाने पहुंची विवाहिता ने बताया कि पति नेत्र सर्जन है और किसी अन्य महिला से विवाह करना चाहता है। इसमें ससुराल वाले भी उसका साथ दे रहे हैं और उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
मुरादनगर निवासी राजनारायण त्यागी ने अपनी बेटी डा. उपासना का विवाह पल्लवपुरम फेज वन निवासी डा. रजत त्यागी पुत्र डा. राकेश त्यागी से नवंबर 2014 में किया था। डा. रजत बागपत अड्डा स्थित निजी नर्सिग होम में कार्यरत हैं, जबकि पिता डा. राकेश सीएमओ आफिस में हैं। डा. उपासना गाजियाबाद स्थित संस्थान से एमडीएस कर रही है। थाने पहुंची उपासना ने बताया कि शादी के पांच-छह माह तक सब ठीक रहा। बाद में रजत के व्यवहार में परिवर्तन आने लगा। डा. उपासना ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि पति श्रद्धापुरी में निजी क्लीनिक के निर्माण के लिए रुपयों की मांग करने लगे। बीती 30 जनवरी को वह ससुराल में अपनी छोटी ननद साक्षी के विवाह में आई थी। उस दौरान उसकी बड़ी ननद शिल्पी ने पैसों का इंतजाम न करने के लिए ताना दिया।
उपासना का आरोप है कि दस फरवरी की रात रजत नशे में घर पहुंचा और उससे मारपीट की। इस दौरान सास निर्वेश, ननद साक्षी और चाची शशि ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और पति ने रस्सी गले से बांध कर गला घोंटने का प्रयास किया। इस दौरान ससुर राकेश त्यागी और उनके भाई दिनेश त्यागी भी आ गए। शोर मचाते हुए उसने छुड़ाने का प्रयास किया, खुद को छुड़ाकर वह बगल वाले कमरे में गई और कमरा बंद कर लिया। उसने तत्काल सौ नंबर पर और मुरादनगर में अपने पिता को सूचना दी।
मैं डाक्टर हूं बदनाम कर दूंगा
थाने पहुंची उपासना ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पति ने बुधवार रात उससे कहा कि या तो तलाक के पेपर पर साइन करो या पिता से 25 लाख रुपये क्लीनिक निर्माण के लिए लाओ। उसने कहा कि मैं डाक्टर हूं, तुझे ऐसे मारूंगा कि कोई साबित नहीं कर सकेगा। पति होने के बावजूद वह उसे बात-बात पर लड़कों से दुष्कर्म कराने की धमकी देता था।
ससुर ने नकारे आरोप
महिला के ससुर डा. राकेश त्यागी ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया है। एसओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है, मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Sunday, February 7, 2016

अदालत ने एजाज को जेल से कोर्ट में तलब कर लिया



पाक जासूस मोहम्मद एजाज से मिले इलेक्ट्रोनिक्स उपकरणों की सीबीआइ लैब से रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कार्रवाई बढ़ गई है। विवेचक ने कोर्ट में अर्जी डालकर पाक जासूस पर आइटीएक्ट में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की हैं, सोमवार को अदालत ने एजाज को जेल से कोर्ट में तलब कर लिया है। फोरेंसिक रिपोर्ट से पुष्ट हो गया कि एजाज आइटीएक्ट का भी दोषी हैं, उसने व्हाट्स-एप और स्काइप तथा फेसबुक के जरिए भी सूचनाएं पाक को भेजी है।
17 जनवरी को सीबीआइ गाजियाबाद की फोरेंसिक लैब से पाक जासूस एजाज उर्फ कलाम से बरामद किए इलेक्ट्रोनिक्स उपकरणों की फोरेंसिक रिपोर्ट आ गई। फोरेंसिक रिपोर्ट से एसटीएफ के सभी तथ्यों की पुष्टि कर दी। मिराज की इमरजेंसी लैडिंग की वीडियो, बरेली और मेरठ कैंट का नक्शा भी उसके लैपटॉप से मिला है। एयरबेस एवं सुखाई-30 फाइटर जैट की जानकारी भी एजाज जुटा चुका था। व्हाट्स-एप और स्काइप से एजाज ने पाकिस्तान में अपने परिवार और आइएसआइ एजेंसी से बात की है। एजाज के फेसबुक एकाउंट संबंधि जानकारी भी पुलिस को मिली हैं, जो विवेचना का हिस्सा बना दी गई है। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट के बाद पाक जासूस के खिलाफ आइटी एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कर लिया। विवेचक धर्मेद्र कुमार ने अदालत से एजाज के खिलाफ आइटी एक्ट में कार्रवाई को अर्जी डाली है। सोमवार को एजाज को जेल से कोर्ट लाया जाएगा। ताकि उसे आइटी एक्ट के मुकदमें से अवगत कराया जा सकें।
ये था मामला :
27 नवंबर को तीन बजे कैंट स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर सेना के महत्वपूर्ण दस्तावेज के साथ दिल्ली जाने की फिराक में बैठे मोहम्मद ऐजाज उर्फ कलाम को एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया था। एजाज उर्फ कलाम पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित इरफानाबाद के तरामडी चौक का रहने वाला है। 31 जनवरी 2013 को मोहम्मद कलाम नाम से उसका पासपोर्ट तैयार कर पाकिस्तान के इस्लामाबाद से क्रांची वहां से ढाका भेजा गया, जहां प्रोबीन नाम व्यक्ति ने पासपोर्ट और दस्तावेज लेकर नदी के रास्ते उसे भारत-बंगलादेश सीमा पार कराकर 09 फरवरी को वेस्ट बंगाल पहुंचा दिया, जहां मोहम्मद इरशाद निवासी मटीया बुर्ज, साउथ 24 परगना ने उसे पनाह दी। वहां पर इरशाद के बेटे अशफाक के माध्यम से फर्जी दस्तावेज (जूनियर हाईस्कूल प्रमाण पत्र, फर्जी वोटर कार्ड, राशन कार्ड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में एकाउंट) तैयार कराए। बिहार के अजीमाबाद जनपद स्थित आरा गांव की आसमां से हुई, अक्टूबर 2014 में निकाह कर लिया, जिसने हाल ही में एक बेटे को जन्म दिया। आइएसआइ को ऐजाज भारत की खुफिया जानकारी दे चुका था।
एजाज ने सूचनाएं पहुंचाने में इलेक्ट्रोनिक्स उपकरणों का प्रयोग किया हैं, इसलिए उस पर आइटी एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही एसटीएफ और सदर बाजार पुलिस संयुक्त रुप से एजाज के हिस्ट्री तलाश रही है। उससे जुड़े प्रत्येक लोगों से भी कोलकाता और बरेली पहुंचकर बात की जाएगी।