Thursday, May 14, 2015

बेटे शगुन की फैंसी लाइट्स की शोरूम में सेंधमारी की कोशिश

 वेद प्रकाश शर्मा का नाम मशहूर अपराध कथा लेखकों में शुमार किया जाता है। चार दशकों के अपने करियर में उन्होंने क्राइम सीन्स के हजारों प्लॉट रचे होंगे लेकिन शायद ही कभी सोचा होगा कि अपने ही घर में उन्हें ऐसा कुछ देखना पड़ेगा।
बुधवार की सुबह मेरठ के शास्त्री नगर में उनके बेटे शगुन की फैंसी लाइट्स की शोरूम में सेंधमारी की कोशिश की गई। शोरूम शर्मा के घर से लगी हुई है। सेंधमारी की कोशिश में एक कम्प्यूटर सेट और कुछ फैंसी लाइट्स को नुकसान पहुंचा हालांकि चोर कोई भी सामान ले जा पाने में कामयाब नहीं हो पाया। 
इस घटना के बारे में वेद प्रकाश शर्मा टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, 'शोरूम में एक CCTV कैमरा लगा हुआ था। चोर को लगा होगा कि उसे रिकॉर्ड कर लिया गया है और इसकी रिकॉर्डिंग कम्प्यूटर में ही होगी इसलिए उसने जाने से पहले कम्प्यूटर में आग लगा दिया।' 
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने अनाम चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 'वर्दी वाला गुंडा' के मशहूर लेखर वेद प्रकाश शर्मा 'खिलाड़ी' सिरीज की बॉलिवुड फिल्मों 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' और 'इंटरनैशनल खिलाड़ी' की कहानी लिख चुके हैं।

Wednesday, May 13, 2015

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कलैक्ट्रेट पर प्रदर्शन

मोदी सरकार के एक साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल बताते हुए कांग्रेसियों ने कलैक्ट्रेट पर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने मोदी का पुतला फूंका। अपनी मांगों के संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले एक साल में मोदी सरकार का सांप्रदायिक चेहरा जनता के सामने आ गया है। यह सरकार किसानों की भूमि लेकर उसे उद्योगपतियों को देना चाहती है। इस सरकार में गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है, जबकि उद्योगपतियों के लिए सरकार ने अपना खजाना खोल रखा है। कांग्रेस शहर कमिटी के अध्यक्ष की अगुवाई में मंगलवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलैक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को यूपी के ब्लॉक मुख्यालयों पर भूमि अधिग्रहण संशोधन अध्यादेश की प्रतियां फूंक कर विरोध जताया। शहरों में विरोध प्रदर्शन जिला मुख्यालयों पर किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिवों, यूपी अध्यक्ष डॉ़ निर्मल खत्री सहित प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों ने ब्लॉकों में आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं और किसानों का हौसला बढ़ाया। कांग्रेस ने किसानों को राहत देने के लिए उचित मुआवजा देने और आलू के निर्यात पर लगी रोक को खत्म करने की मांग की।

कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि डॉ़ खत्री ने कन्नौज के तालग्राम ब्लॉक और फर्रुखाबाद के कमालगंज ब्लॉकों में आंदोलन का नेतृत्व किया। प्रदेश सह प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव नसीब सिंह ने मथुरा के दो ब्लॉकों में आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके साथ कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता प्रदीप माथुर और विधायक बंशी पहाड़िया मौजूद रहे। वहीं लखनऊ के सभी आठ ब्लॉक मुख्यालयों पर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी की अगुआई में कांग्रेस ने चिनहट ब्लॉक मुख्यालय पर अध्यादेश प्रतियां फूंकी। उनके साथ पूर्व विधायक विनोद चौधरी और जिला प्रभारी गणेश शंकर पाण्डेय सहित सैकड़ों कांग्रेसी और किसान मौजूद थे।

Monday, May 11, 2015

लड़की को एक सिरफिरे प्रेमी ने गोली मार दी

सोलह साल की लड़की को एक सिरफिरे प्रेमी ने इसलिए गोली मार दी क्योंकि उसने उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया।  घटना नरहेरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को 22 वर्षीय योगेंद्र ने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली हिमांशी को तब गोली मार दी जब वह स्कूल से लौट रही थी।
परिजनों द्वारा दर्ज की गई शिकायत में पीड़िता के दादा बलजीत सिंह ने कहा है कि आरोपी लड़का एक ब्यूटी पार्लर का मालिक है। वह लड़की का पीछा किया करता था। लड़की ने परिवार से इसकी शिकायत भी की थी। 

लड़की के परिवार ने आरोपी लड़के के परिवार को इस बारे में आगाह किया था जिससे गुस्से में आकर लड़के ने लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि लड़के के खिलाफ केस दर्ज कर आज उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह लड़की से प्रेम करता था। लेकिन लड़की द्वारा उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने और शिकायत करने के बाद उसने उसको गोली मार दी।

Friday, May 8, 2015

क्या कोई कैलेंडर हजारों सालों तक चल सकता है?

क्या कोई कैलेंडर हजारों सालों तक चल सकता है? बिजनौर के जोहर अहमद ने एक ऐसा कैलेंडर बनाया है जिसे एक बार दीवार पर लगाने के बाद सदियों तक वहां से हटाने की जरूरत नहीं होगी।  हजारों सालों तक चलने वाले इस कैलेंडर को बनाने में जोहर को छह महीने का समय लगा। 

जोहर का कहना है कि कैलेंडरों को बार-बार बदलने की परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने यह अनोखा कैलेंजर बनाया है। उनका कहना है कि इससे 10-20 साल पुरानी किसी घटना का दिन पता लगाया जा सकता है। साथ ही आने वाले वर्षों के दिनों का भी पता लगाया जा सकता है।
जोहर ने इस बारे में राष्ट्रपति सचिवालय को भी पत्र भी भेजा है। सचिवालय ने यह पत्र केंद्र सरकार को दे दिया है और जोहर द्वारा बनाए गए कैलेंडर को सत्यापित कराने का कहा है। 

Wednesday, May 6, 2015

सुपरस्टार सलमान खान को 5 साल जेल की सजा

साल 2002 के हिट ऐंड रन केस में दोषी करार दिए गए बॉलिवुड सुपरस्टार सलमान खान को मुंबई की सेशंस कोर्ट ने 5 साल जेल की सजा सुनाई है। गैर इरादतन हत्या मामले में सलमान के खिलाफ लगे सभी आरोप कोर्ट ने सही पाए।
उतार चढ़ावों से भरे 12 साल पुराने इस मामले में न्यायाधीश डी डब्ल्यू देशपांडे ने 49 साल के ऐक्टर के खिलाफ फैसला सुनाया। इस मौके पर सलमान और उनका परिवार अदालत में मौजूद थे। अदालत ने कहा कि सलमान शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
Bottom of Form

अदालत ने इस मामले का फैसला सुनाते हुए दिल्ली के बीएमडब्ल्यू निखिल नंदा और अलीस्टेयर परेरा मामले का अनुसरण करते हुए सलमान को दोषी ठहराया। अदालत ने सलमान से पूछा कि फैसले पर उन्हें क्या कहना है तो सलमान ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि हादसे के वक्त वह कार नहीं चला रहे थे।
वहीं, इस बीच मीडियाकर्मियों की भारी भीड़ के साथ पुलिसकर्मियों की झड़प भी हो गई। पुलिस ने इसके बाद मीडियाकर्मियों को बाहर कर कोर्ट रूम के दरवाजे को बंद कर दिया।
अदालत जिस समय अपना फैसला सुना रही थी, सलमान की आंखों में आंसू थे और वह चुपचाप खड़े थे। फैसले के बाद उनके वकील ने मामले की सजा की मात्रा पर जिरह शुरू की। इस महत्वपूर्ण मामले में आज फैसले को देखते हुए अदालत परिसर में और इसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई, जहां सलमान के भाई अरबाज, सोहेल, बहन अर्पिता खान सहित उनका परिवार आज सुबह ही पहुंच गया था।
28
सितंबर 2002 की रात को सलमान की टोयोटा लैंड कू्जर बांद्रा के उपनगरीय इलाके में पटरी पर सोए लोगों को कुचलती हुई एक बेकरी में घुस गई थी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए थे। बांद्रा के मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट (जिन्होंने सलमान के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने के हल्के आरोप में सुनवाई की थी, जिसमें अधिकतम दो साल की सजा का प्रावधान है) ने 2012 में गैर इरादतन हत्या के अधिक गंभीर आरोप के साथ मामला सेशन कोर्ट को भेज दिया था।
जहां अभियोजन इस बात पर अडिग था कि हादसे के वक्त शराब पीकर सलमान ही लैंड क्रूजर चला रहे थे, वहीं सलमान का दावा था कि उस समय उनका ड्राइवर अशोक सिंह ड्राइविंग सीट पर था। सिंह ने भी बचाव पक्ष की इसी बात समर्थन किया। बचाव पक्ष ने यह दलील भी दी कि पुलिस ने स्टीयरिंग व्हील से उंगलियों के निशान नहीं उठाए थे, जिससे यह मालूम चले कि वाहन कौन चला रहा था।
अभियोजक प्रदीप घरात का आरोप था कि सलमान एक बार में 'बकार्डी रम' पीने के बाद गाड़ी चला रहे थे। हालांकि सलमान ने इस आरोप से इंकार करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ एक गिलास पानी पीया था। हादसे में नुरुल्लाह महबूब शरीफ की मौत हो गई थी, जबकि कलीम मोहम्मद पठान, मुन्ना मलाई खान, अब्दुल्लाह रौफ शेख और मुस्लिम शेख घायल हुए थे।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दाउंदकर ने एक अर्जी दाखिल कर आरोप लगाया था कि पुलिस ने गलत डॉक्टरों से पूछताछ कर झूठे साक्ष्य पेश किए, जिससे मामले में तीन साल की देरी हुई। उन्होंने याचिका में पुलिस द्वारा मुख्य प्रत्यक्षदर्शी कमाल खान से पूछताछ नहीं किए जाने के संबंध में भी सवाल उठाए थे। सलमान खान को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 भाग 2 (गैर इरादतन हत्या), 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 337 और 338 (गंभीर चोट पहुंचाना अथवा जीवन को खतरे में डालना) और 427 (संपति को नुकसान), के तहत आरोपित किया गया था। मोटर वाहन कानून के तहत खान के खिलाफ 34 (ए), (बी) पढ़ें 181 के साथ (नियमों के विरुद्ध वाहन चलाने) और 185 (शराब पीने के बाद तेज रफ्तार से वाहन चलाने) आरोप लगाए गए हैं। उनको बम्बई मद्यनिषेध कानून के तहत भी आरोपित किया गया, जो शराब के नशे में गाड़ी चलाने से जुड़ा है।
इससे पहले, सुबह नीली जींस और सफेद कमीज पहने सलमान एक सफेद कार से बांद्रा स्थित अपने आवास से दक्षिण मुंबई स्थित सेशंस कोर्ट पहुंचे। उनके साथ उनके बॉडीगार्ड थे। वहां बाहर लोगों का जमावड़ा था और एक तमिल समूह प्रदर्शन करते हुए ऐक्टर के लिए अधिकतम सजा की मांग कर रहा था जिन्होंने श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान महिन्दा राजपक्षे का समर्थन किया था।

Tuesday, May 5, 2015

धनतला गांव में किसानों ने महापंचायत बुलाई

खरखौदा के धनतला गांव में किसानों ने महापंचायत बुलाई। मोबाइल टावर से कूदकर आत्महत्या करने वाले किसान योगेंद्र के मामले में पुलिस ने गांव के किसानों पर मुकदमे दर्ज किए थे। इसके खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों ने महपंचायत में निर्णय लिया कि योगेंद्र के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं होने तक राज्यमंत्री, सांसद और क्षेत्रीय विधायक को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा। साथ ही आने वाले पंचायत चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत में किसान नेताओं के अलावा बीएसपी औऱ कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए।

खरखौदा के धनतला में आयोजित महापंचायत में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविंद्र गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है। एक ओर बर्बाद किसान अपनी जान दे रहे हैं, वहीं सरकारी अधिकारी किसानों पर ही मुकदमे दर्ज करा रहे हैं। डीएम की संस्तुति के बाद भी खरखौदा थाने के दरोगा को लाइन हाजिर नहीं किया गया। इसमें शामिल हुए कांग्रेस और बीएसपी के नेताओं ने भी एसपी सरकार पर किसानों की अनदेखी के आरोप लगाए।

Monday, May 4, 2015

खमियाजा मेरठ के एसएसपी को

ठेकेदार से मारपीट के आरोपी बीजेपी विधायक संगीत सोम के पिता ओमवीर सोम की गिरफ्तारी न कर पाने का खमियाजा मेरठ के एसएसपी को आखिर उठाना ही पड़ा। शासन ने शुक्रवार को उनका ट्रांसफर कर दिया है। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद ओमवीर सोम की गिरफ्तारी न कर पाने के कारण यह तय माना जा रहा था कि एसएसपी सुभाष चंद बघेल पर गाज जल्द गिरेगी।
प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑडर मुकुल गोयल ने शुक्रवार को यहां मंडल की समीक्षा की थी। तब तक सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन शाम को शासन ने मेरठ के एसएसपी सुभाष चंद बघेल के तबादले के आदेश जारी कर दिए। राजनीतिक गलियारों में यह कयास कई दिनों से लगाए जा रहे थे। चर्चा थी कि ठेकेदार के साथ मारपीट करने के आरोपी बीजेपी विधायक संगीत सोम के पिता ओमवीर सोम को गिरफ्तार करने के आदेश खुद मुख्यमंत्री ने दिए थे। पुलिस की आठ टीमें गठित कर छापेमारी की गई, लेकिन ओमवीर पुलिस के हाथ नहीं लग पाए। इसी दौरान हाईकोर्ट से उनकी गिरफ्तारी पर स्टे के आदेश आ गए। इस पर एसपी के स्थानीय नेताओं ने लखनऊ में बैठे आकाओं से शिकायत की और यह बताया गया कि एसएसपी की संगीत सोम से नजदीकियों के कारण ही उनके पिता को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। बताया यह भी जा रहा है कि इस मामले में मुख्यमंत्री भी एसएसपी से नाराज थे। आखिरकार शुक्रवार को एसएसपी को उसका परिणाम भुगतना पड़ ही गया।