Friday, March 6, 2015

विराट कोहली को बाकी मैचों के लिए बैन

वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। वाइस कैप्टन विराट कोहली को बाकी मैचों के लिए बैन कर दिया गया है। बीसीसीआई ने अधिकारिक बयान जारी करके कहा है कि कोहली ने टीम के नियम तोड़े हैं। वह टीम का साथ छोड़कर ऑस्ट्रेलिया में अपनी फ्रेंड के साथ घूम रहे थे। सूत्रों का कहना है कि बॉलिवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा इस वक्त विराट के साथ ही हैं।
टीम के मैनेजर रवि शास्त्री का कहना है कि आज वेस्ट इंडीज के साथ हो रहे मैच में विराट खेलेंगे, लेकिन आगे के मैचों में हमें उनकी कमी खलेगी। टीम के दूसरे लड़के अनुशासन में रहें, इसलिए विराट के खिलाफ लिया गया ऐक्शन बिल्कुल ठीक है। वर्ल्ड कैप के बाकी के मैचों के लिए सुरेश रैना को वाइस कैप्टन बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, विराट पिछले दो दिनों से टीम के साथ नहीं थे। हंगामा तब शुरू हुआ जब कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिस गेल से निपटने की रणनीति बनाने के लिए अहम मीटिंग बुलाई। विराट इस मीटिंग में भी नहीं दिखे। धोनी ने इस बात की शिकायत शास्त्री से की। इस बीच ऑस्ट्रेलिया की मीडिया में वे तस्वीरें भी सामने आ गईं जिसमें विराट और अनुष्का साथ में दिख रहे थे। बीसीसीआई ने फौरन ऐक्शन लेते हुए विराट को आगे के मैचों में खेलने से बैन कर दिया।
इससे पहले इंग्लैंड टूर पर भी अनुष्का विराट के साथ थीं। उस समय विराट कोई बड़ा स्कोर नहीं कर पा रहे थे और इसे लेकर उन्हें काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी। हालांकि इसके बाद ही वह फॉर्म में वापस आ गए थे। अटकलें लगाई जा रही हैं कि तीन दिन पहले उन्होंने भारत के एक पत्रकार के साथ भी गलत बर्ताव किया। पत्रकार ने विराट से अनुष्का के बारे में कोई सवाल किया था। विराट ने इस पूरे घटनाक्रम के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
विराट पर बैन के मामले में धोनी ने कहा कि हम विराट को मिस करेंगे। हालांकि टीम के सभी बैट्समैन अच्छे फॉर्म में हैं। इस मामले में कुछ पूर्व क्रिकेटर विराट के साथ हैं। सुनील गावस्कर ने कहा कि विराट बेशक किसी के साथ भी घूम सकते हैं, लेकिन उन्हें इस बारे में टीम मैनेजमेंट को बताना चाहिए था। उम्मीद है कि कुछ मैचों पर बैन के बाद बीसीसीआई उन्हें दोबारा खेलने की इजाजत दे देगी। (बुरा ना मानो होली है)

Wednesday, March 4, 2015

चरण सिंह विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब एक सिपाही ने डिग्री लेने आये छात्र को डंडा मार दिया। छात्रों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी मिलते ही छात्र संघ अध्यक्ष, महामंत्री समेत दर्जनों छात्र मौके पर पहुंचे और सिपाही के साथ जमकर कहा-सुनी हुई। इस बीच दर्जनों पुलिस कर्मी भी घटनास्थल पहुंच गए। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि अगर सिपाही को बर्खाश्त नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। कंकरखेड़ा के रहने वाले अरुण और राजदीप विश्वविद्यालय में डिग्री लेने के लिये आए थे। आरोप है कि वहां पर तैनात एक सिपाही ने अरुण को लाइन में खड़ा होने के लिये कहा। इस बात पर दोनों में विवाद हो गया। तभी सिपाही ने उसे डंडा मार दिया। जिसके बाद अरुण और राजदीप की भी सिपाही के साथ धक्का-मुक्की हुई। सिपाही ने अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलते ही छात्र संघ अध्यक्ष और महामंत्री के साथ दर्जनों छात्र भी मौके पर पहुंचे गए और जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप था कि सिपाही यहां पर छात्र-छात्राओं से पैसे लेकर उनके काम कराता है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सिपाही को बर्खाश्त करने की मांग की। साथ ही कहा कि अगर सिपाही को बर्खाश्त नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।

Monday, March 2, 2015

तनातनी को देख अन्ना ने दिल्ली का रास्ता पकड़ लिया

अन्ना हजारे के समर्थकों, नागरिक अधिकार मंच और किसान संगठन के लोगों के बीच वर्चस्व को लेकर हो रही तनातनी को देख अन्ना ने यहां ज्यादा देर रुकने की बजाए दिल्ली का रास्ता पकड़ लिया। वह बिजनौर से दिल्ली जाते समय परतापुर तिराहे के पास रूके थे।

बिजनौर से दिल्ली लौट रहे अन्ना हजारे शुक्रवार को परतापुर तिराहे के पास रूके। वहां नागरिक अधिकार मंच, किसान संगठन और अन्ना हजारे के सर्मथकों ने उन्हें फूल माला देकर उनका स्वागत किया। इसी दौरान नागरिक अधिकार मंच के लोगों ने अन्ना को एक पत्र देकर बताया कि एमडीए की ओर से गंगानगर और शताब्दीनगर के आवंटियों पर प्रतिकर के नाम पर लाखों रुपए का बकाया निकाल दिया गया है। अन्ना ने उनसे कहा कि वह अपना संगठन मजबूत बनाएं और अपने हक की लड़ाई लड़े। अन्ना ने कहा कि वह पत्र पढ़कर देखेंगे कि वह क्या मदद कर सकते हैं। उन्होंने अपने संगठन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके संगठन की मजबूती के कारण ही दो मजबूत सरकारों को पछाड़ दिया। उन्होंने किसानों के खिलाफ होने वाली हर कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाने का भरोसा भी दिया। जिस समय अन्ना माइक से यह बात कह रहे थे, उसी समय अन्ना के समर्थक, किसान नेता और नागरिक अधिकार मंच के लोग आपस में वर्चस्व साबित करने की होड़ में लगे थे। स्थिति को भांपते हुए अन्ना वहां से कार में बैठ कर दिल्ली के लिए चल दिए।

Friday, February 27, 2015

पुलिस ने 10वीं के एक स्टूडेंट को गिरफ्तार किया

थाना सदर बाजार थाना क्षेत्र में फरवरी माह में व्यापारी के यहां हुई 18 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने 10वीं के एक स्टूडेंट को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लाखों रुपये का चोरी का माल बरामद करने का पुलिस ने दावा किया है। इसी थाना क्षेत्र में जूलर्स के यहां हुई चोरी का आरोपी फैजाबाद में गिरफ्तार हो चुका है।

थाना सदर बाजार क्षेत्र में फरवरी माह में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशौली पर सवाल खड़े कर दिए थे। एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंडा व्यापारी अनूप गर्ग के घर पर 21 फरवरी को हुई 18 लाख की चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया। आरोपी सदर स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। तीन साल से वह 10वीं में फेल होता आ रहा है। पुलिस ने उसके पास से 17 लाख 70 हजार रुपये मूल्य का सामान और नकदी बरामद कर ली है। दूसरी घटना 9 फरवरी की है। सदर स्थित योगेन्द्र भारद्धाज की नैशनल जूलरी की दुकान की छत उखाड़कर चोर चांदी के बरतन, थाल, बाउल, केतली, मुकुट सहित कई सामान चुराकर ले गए थे। पुलिस ने बताया कि घटना के आरोपी 18 साल के गौरव यादव को फैजाबाद पुलिस ने 14 फरवरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह मेरठ के भगवान बुक डिपो पर काम करता था। डीआईजी रमित शर्मा ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 12 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

Wednesday, February 25, 2015

महिलाओं को गिरफ्तार किया

पुलिस ने कांग्रेस की एक पूर्व नेता के घर पर छापेमारी की और इस दौरान वहां देह व्यापार में कथित रूप से संलिप्त पश्चिम बंगाल से आई दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के पलहेड़ा इलाके में दो मंजिला मकान में छापा मारा और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि फ्लैट में मौजूद कुछ अन्य महिलाएं और युवक वहां से फरार होने में सफल रहे, जिन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। दौराला पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जनक सिंह ने बताया, 'पश्चिम बंगाल की रहने वाली आरोपी दोनों महिलाओं की उम्र 20 और 35 वर्ष है। उन्होंने यह कबूल किया कि नौकरी देने के नाम पर एक युवक उन्हें उनके गृह राज्य से उत्तर प्रदेश लेकर आया था।'

उन्होंने बताया कि वे महिलाओं द्वारा बताए गए युवक की तलाश कर रहे हैं। जिस फ्लैट पर छापा मारा गया वह कांग्रेस की पूर्व नेता कमर जहां से संबंधित था। जहां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इस फ्लैट को किराए पर दे रखा था।
पुलिस ने बताया कि अपने उपचार के सिलसिले में जहां फिलहाल दिल्ली में रह रही हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विनय प्रधान ने बताया कि जहां ने जिला महिला कांग्रेस सचिव के तौर पर भी काम किया है।

Monday, February 23, 2015

दरोगा सहित 7 पुलिसकर्मियो सस्पेंड

 यहां 16 फरवरी को कोर्ट में विक्की त्यागी की हत्या के मामले में रविवार को एसएसपी के. बी. सिंह ने एक दरोगा सहित 7 पुलिसकर्मियो को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी पुलिसकर्मी पेशी के दौरान विक्की त्यागी की सुरक्षा में लगे थे। साथ ही उन दो पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया है जिनके खिलाफ विक्की त्यागी के परिजनो ने मुकदमा दर्ज कराया था। इनमें सचिन मालिक थानाध्यक्ष और मंसूरपुर थाने में तैनात सिपाही विकास शामिल है। एसएसपी का कहना है की मामले की जांच की जा रही है।

Friday, February 20, 2015

पहले चरण में 40 सीटर विमान उड़ाने की योजना

परतापुर हवाई पट्टी को विकसित कर यहां से डोमिस्टिक फ्लाइट्स शुरू किए जाने की योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। एएआई ने मौजूदा हवाई पट्टी से पहले चरण में 40 सीटर विमान उड़ाने की योजना बनाई है। इसके लिए 80 पैसेंजर की क्षमता वाले टर्मिनल बिल्डिंग बनाए जाने के साथ ही टेक्निकल एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग बनाए जाने का प्रस्ताव बनाकर हेडक्वार्टर को भेजा जा चुका है। प्रस्तावित हवाई अड्डे के नोडल अधिकारी संत कुमार का कहना है कि जब इस हवाई पट्टी से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के प्लेन लैंड और उड़ाए जा सकते हैं, तो फिर यहां से हवाई सेवा क्यों नही शुरू की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 80 पैंसेजर की क्षमता वाले टर्मिनल बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव हेडक्वाटर को भेज दिया गया है। एएआई की ओर से 80 पैसेंजरों की क्षमता वाले टर्मिनल बिल्डिंग के प्रस्ताव को भेजे जाने पर जानकारों का मानना है कि एएआई अभी यहां से 40 सीटर तक के विमान उड़ाने की तैयारी कर रहा है। इसीलिए 40 पैसेंजर के बोर्डिंग और 40 के लैडिंग के हिसाब से ही इस बिल्डिंग को 80 पैंसेजर की क्षमता का बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। राज्य सरकार से हुए समझौते के अनुसार भी एएआई को यहां से हवाई सेवा बहाल करनी है। 14 सीटर एयरक्राफट से उड़ान शुरू कर यहां से 180 यात्री की क्षमता वाले ए-321 विमान को उड़ाने का लक्ष्य है, लेकिन यह लक्ष्य हवाई पट्टी के विस्तार के बिना संभव नहीं है। परतापुर स्थित हवाई पट्टी का विस्तार कर यहां से डामेस्टिक फ्लाइट्स सेवा शुरू करने के लिए काफी समय से कोशिश की जा रही है। पहले तो यह प्रोजेक्ट तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अजित सिंह और प्रदेश सरकार के बीच श्रेय लेने की लड़ाई में फंसा रहा। किसी तरह दोनों पक्ष राजी हुए और वर्तमान हवाई पट्टी एएआई को दे दी गई। एएआई ने इसके विस्तार के लिए करीब 350 एकड़ अतिरिक्त भूमि की मांग की।