Tuesday, June 17, 2014

देश-विदेश में फुटबॉल की मांग

फीफा वर्ल्ड की पूरी दुनिया में धूम मची हुई है। इसके कारण देश-विदेश में फुटबॉल की मांग काफी बढ़ गई है। एक ओर जहां खिलाड़ियों की किक पर उछलती गेंद को देख फुटबाल प्रेमी रोमांचित हो रहे हैं, वहीं इसके पीछे की एक कड़वी सचाई यह भी है कि इन फुटबॉल को तैयार करने की कड़ी प्रक्रिया में महिलाओं के साथ उनके मासूम बच्चे अहम भूमिका निभा रहे हैं। 
वैसे तो फुटबाल तैयार करने से संबंधित अधिकांश सामान फैक्ट्रियों में तैयार किया जाता है। लेकिन इसके बाहर के लेदर खोल की सिलाई ठेकेदारों के माध्यम से कराई जाती है। ठेकेदार फैक्ट्रियों से खोल का कच्चा माल लेकर देहात क्षेत्र की महिलाओं और नाबालिग बच्चों से इस काम को कराते हैं। महिलाओं और नाबालिग बच्चों से सिलाई कराने के पीछे कारण बताया जाता है कि इनकी उंगलियां पतली व नाजुक होती है, इससे सिलाई साफ और एक समान होती है। गांवों मे यह काम कुटीर उद्योग के रूप में चल रहा है। आजकल गांवों में फुटबाल के लेदर के बाहरी कवर को सिलने का काम तेजी से चल रहा है।
 
इस काम में जुटे एक परिवार के मुखिया का कहना है कि इससे परिवार को अतिरिक्त आय हो जाती है। नाबालिग बच्चों से सिलाई कराने के मामले में वे कहते हैं कि आजकल बच्चों की स्कूल से छुटिट्यां चल रही हैं, इसलिए वे अपनी मां को सहयोग दे रहे हैं। साथ ही वे यह भी कहते हैं कि कवर की सिलाई जितनी अच्छी होती है, उन्हें काम उतना ज्यादा मिलता है।
 

Wednesday, June 11, 2014

ट्रेन रोकने की भी रणनीति बनाई

विजय पंडित मर्डर मामले में बीजेपी लगातार गंभीर रुख अपनाए हुए हैं। पार्टी ने हत्या के विरोध और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दादरी में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के लिए बाकायदा टीमें गठित कर दी हैं। हर रोज अलग टीम व्यापारियों के साथ धरने पर बैठेगी। पार्टी के पदाधिकारियों ने बाकायदा मीटिंग कर रणनीति बनाई है। इसके अलावा ट्रेन रोकने की भी रणनीति बनाई जा रही है।
बीजेपी जिलाध्यक्ष ठाकुर हरीश सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा कैंप कार्यालय में मीटिंग कर उन्होंने इस बाबत रणनीति तैयार की है। मंगलवार को राजा रावल, अश्विनी शर्मा और कपिल गुर्जर के साथ बीजेपी के ग्रेटर नोएडा व कासना मंडल के साथ युवा मोर्चा, पंचायत राज प्रकोष्ठ व समाज कल्याण प्रकोष्ठ ने दादरी में धरना दिया।
बुधवार को जिला उपाध्यक्ष चरनजीत नागर, अनिल पंडित और गणपत सूबेदार के साथ बिसरख मंडल, जेवर नगर मंडल, किसान मोर्चा, श्रम प्रकोष्ठ और गौ-वंश प्रकोष्ठ धरना देंगे। गुरुवार को जिला मंत्री हरीश शिशोदिया, बिजेंद्र चौधरी व सुशील शर्मा के साथ दादरी देहात मंडल, रबुपुरा देहात मंडल, अनुसूचित मोर्चा, विधि और सूचना प्रकोष्ठ के पदाधिकारी धरने में शामिल होंगे। शुक्रवार को सीनियर नेता सुधा पुंडीर, नीरज शर्मा व योगेंद्र भाटी के साथ जारचा मंडल, जेवर मंडल, महिला मोर्चा, सहकारिता प्रकोष्ठ और मानवाधिकार प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता धरना देंगे। शनिवार को जिला मंत्री आरती शर्मा, संतराम जाटव, विजय भाटी आदि के साथ जहांगीरपुर व बिलासपुर नगर, सामाजिक न्याय मोर्चा और व्यापार प्रकोष्ठ के नेता दादरी के धरना स्थल पर मौजूद रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी होने तक उनका धरना लगातार चलता रहेगा। अगर पुलिस हत्या करने वालों को गिरफ्तार न कर सकी तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
उधर, बीजेपी नेता अतुल शर्मा ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी तक वह चुप नहीं बैठेंगे। आंदोलन को तेज किया जाएगा। रेल रोकने की भी रणनीति बनाई जा रही है। अगर पुलिस कार्रवाई में फेल होती है तो रेल रोकी जाएंगी।

Wednesday, June 4, 2014

पुलिस चौकी पर अनशन की धमकी

इंचौली थाना क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी से गैंगरेप की शिकार दलित नाबालिग छात्रा को अगवा करने को लेकर विपक्ष और अधिक आक्रामक हो गया है। सोमवार को बीएसपी और बीजेपी के नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। बीएसपी के नेताओं ने एसएसपी से मिलकर पुलिस पर पीड़ित परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया। बीजेपी के विधायक ने तीन दिन में बच्ची को बरामद न किए जाने पर पुलिस चौकी पर अनशन की धमकी दी। अगवा छात्रा के पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बच्ची की हत्या की जा सकती है। दूसरी ओर आरोपी पक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी की एक महिला नेता पर मामले में निर्दोषों को झूठा फंसाए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, तमाम दावों के बावजूद पुलिस अगवा छात्रा का कुछ पता नहीं लगा पाई है। 
करीब डेढ़ माह पहले यह 10 साल की छात्रा गैंगरेप का शिकार हुई थी। कक्षा 4 में पढ़ने वाली यह छात्रा रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाहर से गायब हो गई थी। उसके पिता ने पुलिस में तहरीर देकर रेप के आरोप में जेल भेजे गए एक आरोपी अरविंद की मां सुनीता और दो अन्य के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दावा किया था कि वह जल्द ही बच्ची को बरामद कर लेगी। लेकिन पुलिस आज भी अंधेरे मे तीर चलाती दिखी। उसने कुछ युवकों और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।
 
दूसरी ओर इस मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। बीएसपी के नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। वे अगवा बच्ची के पिता के साथ एसएसपी से मिलने भी गए। एसएसपी से मिलकर उन्होंने थाना पुलिस पर पीड़ित परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया। अगवा बच्ची के पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी की हत्या की जा सकती है। वहीं, बीजेपी के कैंट क्षेत्र से विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल भी अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। अग्रवाल ने पुलिस को तीन दिन का समय देते हुए कहा कि अगर इस दौरान बच्ची बरामद नहीं हुई तो वे गंगानगर पुलिस चौकी पर धरने पर बैठ जाएंगे। वहीं, इस मामले में सोमवार को आरोपी पक्ष की ओर से भी कुछ लोग सामने आए। उन्होने एसपी की एक महिला नेता पर आरोप लगाया कि उसी के इशारे पर पुलिस झूठा केस बना कर निर्दोष लोगों को फंसा रही है। पुलिस का कहना है कि केस की सभी पहलूओं से जांच हो रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस ने उनके घर पर दो कॉन्स्टेबल को तैनात कर दिया है।
 


Friday, May 30, 2014

पकड़ा गया आरोपी तसलीम थाना रेलवे रोड का हिस्ट्रीशीटर

ड्रग माफिया और हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस पर महिलाओं ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की गई। जवाब में पुलिस ने भी हवाई फायरिंग कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। पकड़ा गया आरोपी तसलीम थाना रेलवे रोड का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस का कहना है कि पथराव करने वालों की पहचान के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 
बताया गया है कि बुधवार रात पुलिस शहर के मछेरान मुहल्ले में रहने वाले तसलीम की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने उसके घर पर गई। यह दबिश सीओ कैंट की अगुवाई में थाना रेलवे रोड और सदर थाना पुलिस ने दी। पुलिस तसलीम को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने लगी तो उसे छुड़ाने के लिए परिजनों ने महिलाओं के साथ मिलकर पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस पार्टी पर फायरिंग भी की गई। जवाब में पुलिस ने भी हल्का बल प्रयोग कर हवाई फायरिंग की।
 
भारी विरोध के बीच पुलिस तसलीम को गिरफ्तार कर अपने साथ ले आई। इस कार्रवाई के दौरान मुहल्ले में तनाव फैल गया। पथराव के बाद दुकानें भी बंद हो गईं। एसएसपी और एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे। पथराव में दो महिला पुलिसकर्मी रजनी और शिमला समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एसएसपी ओंकार सिंह ने पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने से इनकार किया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस पर पथराव करने वाले लोगों को पहचान कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
 
40 मुकदमे दर्ज हैं तसलीम पर
 
रेलवे रोड थाना में तसलीम की हिस्ट्री फाइल खुली है। उस पर अकेले रेलवे रोड थाने में ही 19 मुकदमे दर्ज हैं। पिछले कई महीनों से वह हत्या के प्रयास के एक मुकदमे में वॉन्टेड चल रहा था। पुलिस के अनुसार तसलीम गिरोह बनाकर स्मैक सप्लाई करने का काम करता है। उसने इस काम में क्षेत्र के कई युवाओं को अपने गिरोह में शामिल किया हुआ है। मुहल्ले में भी वह लोगों से मारपीट कर उन्हें धमकाता रहता है। उसकी मोहल्ले में पहचान भी तसलीम स्मैकिए के नाम से है। उसका नेटवर्क दिल्ली और मुंबई तक बताया गया है।
 

Friday, May 23, 2014

कैसिनो की आड़ में जुए का खेल

सीओ ब्रह्यमपुरी ऑफिस के पास चल रहे ऑनलाइन कैसिनो पर छापा मारकर पुलिस ने चार संचालक समेत 20 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि इस कैसिनो की आड़ में जुए का खेल चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूरे खेल का कंट्रोल मुंबई से होता था। पुलिस को कैसीनो से बड़ी संख्या में क्ंप्यूटर, लौपटॉप और मोबाइल मिले हैं। पुलिस ने गोपनीय सूचना पर शारदा रोड स्थित जे प्लाजा पर गुरुवार दोपहर छापा मारा। पुलिस का कहना है कि वहां एक दर्जन से ज्यादा लोग ऑनलाइन कैसिनो से नंबरों पर दांव लगा रहे थे। पुलिस को कैसिनो में 12 कंप्यूटर, 16 लैपटॉप और दर्जनों मोबाइल मिले हैं। पुलिस हिरासत में लिए सभी लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। सूत्र बता रहे हैं कि कैसिनो में रोज लाखो रुपये का खेल होता था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है। सूत्र का कहना है कि अभी कुछ और लोगों को हिरासत में लिया जा सकता है। 

Monday, May 19, 2014

नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री, भारत सरकार

भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता एग्जिट पोल्स के नतीजों से इस कदर उत्साहित हैं कि परिणामों की घोषणा से पहले ही मोदी को पीएम घोषित कर दिया है। मेरठ में जगह-जगह बीजेपी के ऐसे पोस्टर और होर्डिंग्स लगाई गई हैं, जिसमें मोदी को पीएम बनने पर बधाई दी जा रही है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चुनाव के नतीजे आने का इंतजार करना भी जरूरी नहीं समझा। कार्यकर्ताओं ने जो पोस्टर लगाए हैं, उनमें साफतौर पर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री, भारत सरकार कहकर संबोधित किया है। 
पूरे शहर में इन होर्डिंग्स की चर्चा है। विरोधी दल इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ मान रहे हैं।  इन पोस्टर्स और होर्डिंग्स में मोदी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और सांसद राजेंद्र अग्रवाल की तस्वीरें भी हैं। निवेदक के तौर पर बिजेंद्र गुप्ता उर्फ पप्पू बिल्डर की तस्वीर छपी है। ऐसे में सवाल यह है, कि यदि नतीजे उलट या अलग हुए तो इन होर्डिंग के लिए पप्पू बिल्डर के साथ-साथ पार्टी की भी भद्द पिटने का ठीकरा किसके माथे पर फूटेगा। ये होर्डिंग दिल्ली रोड, दिल्ली चुंगी, रेलवे रोड, जगदीश मंडप के निकट बच्चा पार्क सहित कई सारे स्थानों पर लगाए गए हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी अब इस मुद्दे पर सफाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐससी होर्डिंग लगने की सूचना मिली थी। मैंने इन्हें हटाने को कहा है, क्योंकि न तो अभी बीजेपी जीती है और न ही नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं।'
 

Thursday, May 15, 2014

प्रत्याशियो के सर्मथकों की दिल की धडकन तेज

मतगणना का समय करीब आने से सभी प्रत्याशियो के सर्मथकों की दिल की धडकन तेज हो गई है। एक्जिट पोल ने कुछ को हंसाया तो कुछ को रुलाया। एक्जिट पोल में बागपत लोकसभा सीट पर अजित सिंह की हार की संभावना से आरएलडी समर्थको में निराशा देखी जा रही है।
उत्साहित बीजेपी समर्थक डॉ. सत्यपाल सिंह की जीत निश्चित मान ही रहे हैं। दूसरी और एसपी समर्थक इन दोनो के दावों को खारिज करते हुए हाजी गुलाम मोहम्मद के सिर ताज सजने की आस जता रहे हैं।

मेरठ में दंगे को लेकर चौकस हुए शासन द्वारा मतगणना के समय से ही वेस्ट यूपी के बागपत सहित लगभग एक दर्जन जिलों में हाई अलर्ट घोषित करने से जिले में विशेष सर्तकता बरती जाने लगी है। मतगणना की आड़ में दंगाइयो द्वारा स्थिति बिगाड़ने के प्रयासों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।