Tuesday, November 18, 2014

सड़क हादसे में दो लोगों की मौत

अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक छात्र और बुजुर्ग शामिल हैं। बड़ौत-मेरठ मार्ग पर बरनावा बस स्टैंड के पास रविवार सुबह सड़क पार कर रहे शाद मौहम्मद (10) की ट्रक से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। वहीं एक अन्य घटना में शनिवार शाम डौला में सड़क पार कर रहे मनोज (55) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इसके अतिरिक्त

बड़ौत निवासी कांग्रेस नेता सुरेश राणा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके चाचा सहित 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लगभग 15 दिन पहले मवाना गंगनहर पर कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार प्रापर्टी विवाद में 2 लाख की सुपारी देकर हत्या कराने का सुराग मिला है। हत्या में शामिल अन्य लोगों का भी लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Monday, November 17, 2014

आरोपी की जमकर पिटाई

रिश्ते के मामा पर 8 साल की बच्ची को मोबाइल पर अश्लील क्लिप दिखकर कई दिनों तक रेप करने का आरोप है। जब इस मामले की जानकारी बच्ची के पैरंट्स को हुई तो उन्होंने आरोपी को ढूंढ निकाला और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस से कोई मदद न मिलने के बाद मां ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद उन्होंने अरोपी की तरफ से अपने परिवार के सामने अपना जुर्म कबूल करने की शर्त पर उसे स्टोर रूम में बंद कर दिया। शनिवार सुबह आरोपी के गले से खून निकल रहा था। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने रेप का मुकदमा दर्ज कर पीड़ित बच्ची को मेडिकल के लिए भेज दिया है। 
झारखंड निवासी शख्स गंगानगर जोनल पार्क के पास बन रहे फ्लैट में राजमिस्त्री का काम करता है। वहीं, वह अपनी पत्नी और आठ साल की बच्ची के साथ रहता है। मजदूरी करने के बावजूद वह अपनी बच्ची के उज्जवल भविष्य के लिए उसे एक इंगलिश मीडियम स्कूल में पढ़ा रहा था। एक माह पहले उसके गांव का रहने वाला 38 साल का बद्री राणा ने उसके पास पहुंचा। बच्ची के पिता ने उसे राजमिस्त्री के काम में लगा लिया। बद्री दूर के रिश्ते में बच्ची का मामा लगता है, इसलिए उसने उसे अपने साथ ही रहने के लिए कह दिया। थोड़े दिन बाद बद्री राणा गांव जाने के बात कह कर वहां से चला गया। इसके बाद बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई। डॉक्टरों को दिखाया तो पता चला कि उसके साथ रेप हुआ है। इस पर जब बच्ची से पूछा गया तो उसने बताया कि जब उसके माता-पिता काम पर चले जाते थे और वह स्कूल से लौटने के बाद घर पर अकेली होती थी, उस समय बद्री उसे मोबाइल पर अश्लील क्लिप दिखाकर वैसा ही करने को कहता था। मना करने पर या किसी को बताने पर वह उसके माता पिता को जान से मारने की धमकी देता था। बच्ची का कहना है कि 6-7 दिनों तक बद्री ने उसके साथ रेप किया है। 
इस बात की जानकारी मिलने पर बच्ची के पिता ने गांव में पता किया तो पता चला कि बद्री गांव नहीं पहुंचा है। शुक्रवार को उसे पता चला कि बद्री रोहटा रोड पर बन रही एक बिल्डिंग में काम कर रहा है। इस पर वह अपनी पत्नी के साथ निर्माणाधीन फ्लैट के मालिक की कार में बैठकर शुक्रवार को वहां पहुंचा। बद्री को कार में डालकर उसे अपने घर ले आया। उसने गंगानगर पुलिस चौकी को इस घटना की सूचना दी। पुलिस ने थाने पर जाने या फिर समझौता करने की सलाह देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इस पर गुस्से में पीड़िता की मां ने डंडा उठा लिया और आरोपी की जमकर पिटाई की। 

पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माफी मांगनी चाही। इस पर उन्होंने शर्त रखी की अगर वह अपनी पत्नी और परिवार के सामने अपना गुनाह कबूल कर लेगा तो वे उसे माफ कर देंगे। आरोपी ने उनकी शर्त मानते हुए अपने परिजनों को फोन कर मेरठ पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी को वहीं स्टोर रूम में बंद कर दिया गया। शनिवार की तड़के करीब चार बजे बद्री की गर्दन से खून निकल रहा था। बद्री का आरोप है कि उसकी गर्दन पीड़ित बच्ची के पैरंट्स ने काटने की कोशिश की है। वहीं, पैरंट्स ने इससे इनकार किया है। पुलिस जांच कर रही है।

Saturday, November 15, 2014

हॉस्टल में खाने को लेकर मेस कर्मचारियों और छात्रों के बीच विवाद

सीसीएस यूनिवर्सिटी के कैंपस स्थित हॉस्टल में खाने को लेकर मेस कर्मचारियों और छात्रों के बीच चल रहे विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ब्रेकफास्ट के लिए मेस में आए छात्रों को मेस कर्मचारियों और बाहर से आए कुछ युवकों ने मेस में बंद कर बुरी तरह पीटा, कुछ छात्र चोटिल हो गए।
इस दौरान एक बाइक में आग लगा दी गई। घटना को लेकर छात्रो में भारी रोष है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन इस मासले पर बात करने से कतरा रहा है। हालांकि वह मामले की जांच कराने की बात कह रहा है।न्यू बॉयज हॉस्टल के मेस में शुक्रवार सुबह कुछ छात्र ब्रेकफास्ट के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां पहले से ही कुछ बाहर के लड़के भी आए हुए थे।
थोड़ी देर बाद कर्मचारियों ने बाहरी लड़कों के साथ मिलकर मेस का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और छात्रों की पिटाई शुरू कर दी। इस घटना की सूचना पर छात्रों के साथी भी वहां पहुंच गए। लेकिन पिटाई करने के सभी आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो चुके थे। आधा दर्जन छात्र घायल हुए हैं। इस घटना के दौरान वहां खड़ी एक बाइक में आग लगा दी गई।
बीटेक के छात्र आसिफ ने बताया कि कई दिनों से मेस में छात्रों को एक ही मेन्यू परोसा जा रहा था और खाने की क्वॉलिटी खराब है। गुरुवार रात इस बात को लेकर छात्रों और मेस कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। छात्र अरविंद चौहान ने बताया कि विवाद की सूचना पर वॉर्डन सुधीर शर्मा वहां पहुंचे। खाना चखने के बाद उन्होंने भी माना की उसकी क्वॉलिटी ठीक नहीं है।
उन्होंने मेस वालों को छात्रों के लिए फिर से खाना बनाने के लिए कहा। छात्र संजय यादव का कहना है कि इससे मेस कर्मचारी गुस्से में आ गए और शुक्रवार सुबह रात उनसे बहस करने वाले 8 छात्र जब वहां नाश्ता करने पहंचे मेस कर्मचारियों ने बाहर से बुलाए गए अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी।

वहीं, घटना को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन लीपापोती का रवैया अपनाए हुए है। घटना के संबंध में वार्डन सुधीर शर्मा से जब जानकारी मांगी गई तो पहले तो उन्होंने टालमटोल का रवैया अपनाया। बाद में उन्होंने माना की हॉस्टल में खराब खाने को लेकर छात्रों और मेस कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ है।
लेकिन किसी छात्र के चोटिल होने के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि विवि की ओर से एक इंटरनल कमिटी का गठन कर उसे मामले की जांच करने के लिए कहा गया है। वहीं, थाना पुलिस ने यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि उसके पास कोई तहरीर नहीं आई है।

Wednesday, November 12, 2014

कर्मचारी ने मंगलवार सुबह अपने ऑफिस में ही जहरीला पदार्थ खा लिया

मेरठ नगर निगम में संपत्ति विभाग के एक फोर्थ ग्रेड कर्मचारी ने मंगलवार सुबह अपने ऑफिस में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे बेहोशी की हालत में पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। हालांकि घटना की जानकारी से पुलिस इनकार कर रही है। नर्सिंग होम के सूत्रों के अनुसार अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। 32 साल के मंसूर अहमद निगम कैंपस स्थित स्टाफ क्वॉर्टर में रहते हैं। निगम के ड्राइवर सत्यपाल सिंह के अनुसार मंगलवार सुबह मंसूर ऑफिस में बैठे हुए थे। कुछ देर बाद वह बेहोश होकर नीचे गिर गया। मंसूर की पत्नी शाबिया का कहना है कि घर पर कोई तनाव नहीं था। ऑफिस की तरफ से उसे कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। पति के होश में आने पर ही उसे पता चल पाएगा कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया। नर्सिंग होम के सूत्रों से जानकारी मिली है कि मंसूर ने फिनाइल की 6-7 गोलियां खा ली थी, जिसे अब वॉश कर निकाल दिया गया है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

Tuesday, November 11, 2014

शनिवार को हिस्ट्रीशीटर गोली मारकर हत्या कर दी

थाना दोघट मुख्यालय पर शनिवार को हिस्ट्रीशीटर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में एक लाख के इनामी प्रमोद सहित 6 लोगों को नामजद किया गया है। हिस्ट्रीशीटर सुधीर (35) शनिवार सुबह कटिंग कराने गया था। बताया गया कि दो बाइक पर सवार 6 बदमाश उस पर फायरिंग कर फरार हो गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बारबर सुनील, हरेंद्र और वीरसैन घायल हो गए। हत्या के आरोप में लाख का इनामी प्रमोद सहित 6 लोगों को नामजद किया गया है। एएसपी विधा सागर मिश्र के अनुसार हत्या की पीछे पुरानी रंजिश का मामला है।

Sunday, November 9, 2014

सौतेले बाप ने नशे में धुत होकर विवाहित बेटी के साथ रेप

थाना मेडिकल क्षेत्र में रविवार दोपहर आरोप है कि एक सौतेले बाप ने नशे में धुत होकर विवाहित बेटी के साथ रेप की कोशिश की। बेटी के विरोध करने पर आरोप है कि उसके प्राइवेट पार्ट पर डंडे से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल महिला को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आरोपी दिनेश पुलिस की गिरफ्त में है। एसएसपी के पीआरओ ने बताया गया कि विवाहिता की मां की शिकायत पर पुलिस ने शराब पीकर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद नए सिरे से मामला दर्ज किया जाएगा।
थाना मेडिकल क्षेत्र के राजीव पुरम निवासी महिला के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उसकी एक बेटी की शादी इसला गांव में हुई थी। अपने पति से पटरी न खाने के कारण वह आजकल अपने बच्चे के साथ मां के पास ही रह रही है। महिला ने आरोपी दिनेश नामक शख्स से दूसरी शादी की थी। दिनेश अक्सर शराब पीकर पत्नी और बच्चों से मारपीट करता है। घर का खर्च दोनों बेटे चलाते हैं।
रविवार शाम करीब 4 बजे आरोपी दिनेश नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता की छोटी बेटी ने बताया कि आरोपी दिनेश ने मां के साथ मारपीट करने के बाद उसकी बड़ी बहन को दूसरे कमरे में चलने को कहा। उसके मना करने पर वह उसे जबरन खींचकर दूसरे कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने उसके साथ रेप की कोशिश की। विरोध करने पर दिनेश ने पास ही पड़ा डंडा उठा लिया और प्राइवेट पार्ट पर हमला कर उसे उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसी समय मां भी कमरे में पहुंच गई। इस बीच आरोपी वहां से फरार हो गया। मुहल्ले वालों की मदद से बेटी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है।

मेडिकल कॉलेज के चीफ सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुभाष सिंह के अनुसार पीड़िता के यूटरस में कोई इंजरी नहीं है। उसके यूरेथ्रा में चोट लगी है, जिसके कारण ब्लिडिंग हो रही है। इंस्पेक्टर मेडिकल कॉलेज संजीव यादव ने बताया कि आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह शराब के नशे में है। मामले की जांच की जा रही है।

Saturday, November 1, 2014

20 साल से फरार एक आतंकी को गुरुवार रात करीब 1 बजे गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र से एटीएस और लोकल पुलिस ने 20 साल से फरार एक आतंकी को गुरुवार रात करीब 1 बजे गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आया आरोपी सलीम आईएम सहित कई आतंकी संगठनों से जुड़ा बताया जा रहा है। उस पर 1992 और 1993 में मेरठ में पीएसी कैंप पर धमाके करने का आरोप है। इस हमले में एक सिपाही की मौत हो गई थी। उस मामले में सलीम का एक साथी आगरा जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह तब से फरार चल रहा था। उसके पास से फर्जी सिम और आईडी बरामद की गई है। बिजनौर बम धमाके में भी सलीम के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई अहम जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस ने बताया की सलीम के तार इंडियन मुजाहिदीन सहित कई आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। पुलिस ने ये भी दावा किया है की सलीम लग्जरी कारों को चोरी कर कश्मीर में सप्लाई करता था। इन कारों का इस्तेमाल आतंकी संगठन वारदात को अंजाम देने के लिए करते थे।
सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है की हाल ही में हुए बिजनौर बम धमाके में सलीम का हाथ हो सकता है। ये भी जानकारी मिल रही है की बिजनौर में आतंकियों के मिले सिम कार्ड के आधार पर ही सलीम की गिरफ्तारी की गई हैं।

सलीम मूल रूप से मेरठ के इस्लामाबाद मुहल्ले का रहने वाला है। वह हाल में मुरादाबाद की एकता कॉलोनी में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। 1992 में सलीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेरठ में पीएसी कैंप पर बम धमाके किए थे। कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने मेरठ के नौचंदी थाने में धारा 307,120 बी, और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।