Friday, November 13, 2015

बच्चों ने मनाया बाल दिवस व दीपावाली

महलका स्थित विजय एकेडमी में मंगलवार को दीपोत्सव पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रधानाचार्य नवीन नागर ने बताया कि दीपोत्सव पर मंगलवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर व सीनियर वर्ग में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगोली बनाई। विजेता बच्चों को मैनेजर डीवी ¨सह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बच्चों ने मनाया बाल दिवस व दीपावाली

गढ़ रोड स्थित शिव शक्ति विहार के जेपी पब्लिक स्कूल में दिवाली एवं बाल दिवस का आयोजन किया गया। स्कूल की शिक्षिकाओं ने दीपों के त्यौहार से बच्चों को अवगत कराया। साथ ही बच्चों को बाल दिवस का महत्व भी समझाया गया। बच्चों ने इस अवसर पर रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल की ओर से बच्चों को उपहार भेंट कर दिवाली की शुभकामनाएं दी गईं।

Thursday, November 12, 2015

दिवाली पर छावनी में नई परंपरा शुरू

मंगलवार को छोटी दिवाली पर छावनी में नई परंपरा शुरू हुई। इस मौके पर माल रोड पर कैंट बोर्ड के कमांडर और सीइओ ने मिट्टी के दीये जलाकर लोगों को ग्रीन दिवाली का संदेश दिया। छावनी परिषद की ओर से पहली बार इस तरह सामूहिक रूप से दीप जलाने का कार्यक्रम शुरू किया गया, जिसके माध्यम से लोगों को पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने का संदेश दिया गया। माल रोड पर शाम को पौने छह बजे बोर्ड अध्यक्ष व सब एरिया कमांडर मेजर जनरल सुनील यादव अपने परिवार सहित पहुंचे। मेजर जनरल ने दीये जलाकर सभी को दीपावली की शुभकामना दिया। सीइओ राजीव श्रीवास्तव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। माल रोड टैंक चौराहे के पास मिट्टी के दीये जलाए गए। माल रोड को जगमग करने के लिए दिल्ली से 2500 दीये मंगाए गए थे, जिसमें विशेष प्रकार का मोम लगा हुआ था। करीब डेढ़ घंटे तक पूरा माल रोड दीयों की रोशनी से जगमग रहा। इस दौरान उपाध्यक्ष बीना बाधवा, सदस्य रिनी जैन, अनिल जैन, मंजू गोयल, धमेंद्र सोनकर, विपिन सोढ़ी आदि ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। माल रोड पर दीये जलाने के साथ ही सभी लोगों ने माल रोड पर लगाए गए सफेद होर्डिग पर हैप्पी दिवाली का संदेश भी लिखा। इस मौके पर कैंट बोर्ड के कर्मचारी, सेना के जवान और शाम को टहलने वाले लोग भी शामिल रहे।

Tuesday, November 10, 2015

शुभकामनायें

साथियों ,

आप सभी को तथा सभी के परिवार को  मेरी और मेरी पत्नी की ओर से दीपावली की  हार्दिक शुभकामनायें

Monday, November 9, 2015

तमाम दावे रविवार को यात्रियों की भीड़ के आगे ध्वस्त

रोडवेज के तमाम दावे रविवार को यात्रियों की भीड़ के आगे ध्वस्त हो गए। त्योहार पर घर जाने वालों की जबरदस्त भीड़ के साथ परीक्षार्थियों के आगे रोडवेज की व्यवस्था चरमरा गयी। कई रूटों पर बसें न मिलने पर यात्रियों ने हंगामा किया। वहीं बस में सीट पाने के लिए मारामारी मची रही। यात्री बसों की छत व गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर हुए।
रविवार को लेखपाल की परीक्षा थी, जिसके चलते हजारों परीक्षार्थी मेरठ आए हुए थे। वहीं फेस्टिव सीजन की शुरुआत के चलते भी यात्रियों की जबरदस्त भीड़ बस अड्डों पर उमड़ी। भैंसाली बास अड्डे पर दोपहर में मारामारी के हालात हो गए। हस्तिनापुर, बागपत, मवाना, बिजनौर के साथ ही नोएडा के लिए बसें नहीं मिलने से हालात बिगड़े। बस में सीट पाने के लिए यात्रियों में मारामारी मची रही।
कई रूटों की बसें जैसे ही पहुंचती यात्री खिड़कियों से घुसते या सामान फेंककर सीट कब्जाते। इस दौरान कुछ यात्री आपस में भी भिड़ गए। सोहराबगेट बस अड्डे पर भी हापुड़, बुलंदशहर, गढ़मुक्तेश्वर व मुरादाबाद आदि रूटों पर यात्री भीड़ के आगे रोडवेज बसें नहीं मिल पायीं। इस पर यात्रियों ने हंगामा किया।

बस अड्डा प्रभारियों ने जैसे-तैसे यहां-तहां की बसें भीड़ वाले रूटों पर लगाकर व्यवस्था संभाली। वहीं एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि रविवार को शहरभर में यातायात व्यवस्था चौपट हो गयी और जाम लगा। जाम में बसें फंस गयी, जिसके चलते दिक्कते हुई।

Friday, November 6, 2015

तिलकपुरम कसेरू बक्सर में पंचायत

प्रतिकर की मांग को लेकर आंदोलनरत तीनों योजनाओं के किसानों के सब्र का बांध अब टूट गया है। गुरुवार शाम को खराब मौसम के दौरान तिलकपुरम कसेरू बक्सर में पंचायत की गई। इसमें किसानों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए निर्णायक जंग का ऐलान कर दिया। किसान एमडीए परिसर व अफसरों के आवास पर तालाबंदी व धरना देंगे तो वहीं महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी एमडीए अफसरों को विरोध स्वरूप चूडियां भेंट करेगी।

गुरुवार को तिलकपुरम कसेरू बक्सर में किसानों ने पंचायत की। इसमें लोहियानगर, वेदव्यासपुरी व गंगानगर के किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों ने कहा कि एमडीए व प्रशासन ने दीपावली से पहले तोहफा देने का वादा दिया था। लेकिन दीपावली में अब कुछ ही दिन बाकी हैं लेकिन अभी तक बोर्ड बैठक कर निर्णय नहीं हो पाया है। आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रहा है। पदाधिकारी तेजपाल ¨सह, मास्टर वीरबल, जयप्रकाश, हरविन्द्र ¨सह, नसीम अहमद उर्फ चंदन, टीनू बंसला, किरनपाल आदि मौजूद रहे।

Wednesday, November 4, 2015

'जांबाज' टीम बुलेट पर करतब दिखाने में माहि

सरहद के पहरेदार ये असल जांबाज। जान हथेली पर रखना और हौसलों की आदत के चलते इनकी टीम को ही जांबाज टीम के नाम से पुकारा जाता है। मुल्क की सरहद पर हल हाल में पहरेदारी के अलावा इन जांबाजों की एक और खतरे से लिपटी हुई अहम जिम्मेदारी होती है। सरहद के कई दुर्गम इलाकों में रेडियो संपर्क तक नहीं हो पाता। इन हालात में ये जांबाज गोपनीय संदेश एक चौकी से दूसरी चौकी तक पहुंचाते हैं। जांबाज टीम का हिस्सा बने 76 जवानों की इस टोली का जुनून और जज्बा सलाम ठोकने लायक है।
सीमा सुरक्षा बल की 'जांबाज' टीम बुलेट पर करतब दिखाने में माहिर है। राजपथ पर अद्वितीय प्रदर्शन कर अमेरिका के राष्ट्रपति की शाबासी हासिल कर चुके 'जांबाज' इतने तक ही सीमित नहीं है। बार्डर पर भी इस टीम का देश की सुरक्षा और सीमा सुरक्षा बलों के संदेशों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका होती है। सीमा सुरक्षा बल में 25 वर्ष पूर्व 'जांबाज' टीम का गठन इसी उद्देश्य के लिए किया गया था। बीएसएफ इंस्पेक्टर और टीम लीडर इंस्पेक्टर अवशेष सिंह ने बताया कि सरहद पर कई जगह वायरलेस रेडियो काम नहीं करती है। इसके अलावा कई गोपनीय संदेश रेडियो के माध्यम से नहीं भेजे जाते। सरहद के दुर्गम इलाकों में बनी चौकियों तक इन गोपनीय संदेशों को पहुंचाने के लिए इस टीम को बनाया गया था। बीएसएफ के चुने हुई राइडर को चयन के बाद इन्हें 'जांबाज' के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है और इसके बाद सरहद पर लगाया जाता है। इस तरह से 'जांबाज' टीम देश की सुरक्षा और गोपनीयता में अहम है।
'जांबाज' टीम में ज्यादातर ऐसे राइडर हैं, जिनका बाइक राइडिंग शौक और जुनून है। बीएसएफ में आने के बाद उन्हें देशसेवा का भी मौका मिल गया। टीम में शामिल इंस्पेक्टर अवधेश सिंह निवासी गोरखपुर, कांस्टेबल दुर्बेश बाबू निवासी मैनपुरी यूपी, कांस्टेबल अर्जुन सिंह निवासी इंदौर, कांस्टेबल अशोक दीक्षित निवासी भिंड(मध्यप्रदेश), कांस्टेबल उदय प्रताप निवासी भिंड और कांस्टेबल मुत्थू कुमार निवासी तमिलनाडु इसी कड़ी का हिस्सा हैं।
चार नवंबर यानी बुधवार को होने वाले अपने कार्यक्रम के लिए जवानों ने मंगलवार को भी पुलिस लाइन फिल्ड में जमकर पसीना बहाया। इस दौरान डॉग ब्रोजो(ट्रेकर) ने अपना जलवा दिखाया। ब्रोजो किसी भी गंध को सूंघकर उसका पीछा करने में माहिर है। सीमा पर ब्रोजो ने कई बार आतंकियों को ट्रेक किया है। सात डॉग की ये टीम सीमा पर रहती है और इसे विशेष रूप से यहां कार्यक्रम के लिए बुलवाया गया है।

पुलिस लाइन में बीएसएफ के कार्यक्रम का समय चार नवंबर यानी बुधवार को शाम चार से 5.30 बजे होगा। पांच नवंबर यानी गुरुवार को सुबह नौ बजे से 10.30 बजे स्कूली बच्चों के लिए प्रदर्शन होगा। इसके अलावा शाम को 4 से 5.30 बजे कार्यक्रम होगा। स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में बीएसएफ के एडीजी रजनीकांत मिश्र भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

Monday, November 2, 2015

जनता ने उठाया खुद सफाई का बीड़ा

नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के प्रयास में प्रत्येक वर्ष चलने वाले दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान का श्रीगणेश रविवार को शहर की सबसे पुरानी कालोनी साकेत व उससे सटी मानसरोवर कालोनी से हुआ। अभियान के माध्यम से दोनों कालोनियों में विशेष सफाई हुई। सड़कें व नालियां साफ हो गई। खराब स्ट्रीट लाइटें जलने लगीं। अन्य समस्याओं के समाधान का महापौर व निगम अफसरों ने आश्वासन दिया। उन्होंने पूरे क्षेत्र में रैली निकालकर लोगों से स्वच्छता की अपील की।
दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान के तहत रविवार को दिन निकलते ही नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का विशेष दस्ता साकेत और मानसरोवर की गलियों में फैल गया। कुछ देर में ही उन्होंने सभी सड़कों को झाड़ू लगाकर चमका डाला। कूड़े के ढेर गायब कर दिए गए। सभी प्रमुख चौराहों और गलियों के मोड़ पर चूना डलने के बाद कालोनियां दमक उठी। पथ प्रकाश विभाग की टीम ने दोनों कालोनियों की खराब स्ट्रीट लाइटों को जला दिया। महापौर हरिकांत अहलूवालिया के नेतृत्व में नगर निगम के मुख्य अभियंता कुल भूषण वाष्र्णेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रेम सिंह, प्रभारी उप नगर आयुक्त दिनेश यादव समेत तमाम अफसरों, साकेत सोसायटी के निदेशक व विभिन्न पदाधिकारियों के साथ कालोनी के निवासियों व दैनिक जागरण की टीम ने दोनों कालोनियों में रैली निकालकर लोगों से अपने आसपास स्वच्छता रखने की अपील की। दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी मनोज झा, महाप्रबंधक विकास चुघ, सिटी इंचार्ज दिनेश दिनकर व ब्रांड हेड अरुण तिवारी ने महापौर व निगम अफसरों का स्वागत किया।
महापौर के सामने रखी समस्याएं
इस दौरान मेरठ सहकारी आवास समिति के निदेशक शशांक शर्मा, संतोष पंवार, बीना रस्तोगी, अभिनव यादव, अजय रस्तोगी, डा. एस के त्यागी, दिनेश चौधरी, राजीव आनंद आदि ने ज्ञापन सौंपकर साकेत कालोनी की विभिन्न समस्याएं महापौर के सामने रखी। उन्होंने कालोनी की सड़कों को दो मीटर चौड़ा करके उनका सुदृढ़ीकरण कराने, सड़कों पर रात में चमकने वाली सफेद पंट्टी व रिफ्लेक्टर (कैट आई) लगवाने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा विभिन्न पार्को व अन्य स्थानों पर नई लाइटें लगवाने, चोक सीवर लाइनों की सफाई कराने की मांग की। मानसरोवर की ओर से पूर्व पार्षद ललित नागदेव ने बताया कि कालोनी की मुख्य सड़क टूटी बदहाल है। उसका निर्माण आवश्यक है, कालोनी में सफाई नियमित नहीं होती। कूड़े के ढेर लगा रहते हैं। सीवर लाइनों का पानी सड़कों पर बहता रहता है। मानसरोवर की खराब स्ट्रीट लाइटें भी ठीक कराने की उन्होंने मांग की। महापौर ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
मानसरोवर की सड़क बनेगी
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि साकेत की कुछ सड़कें बनाने के प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं। उन्होंने मानसरोवर की मुख्य सड़क के निर्माण कराने की घोषणा की। धनवंतरी अस्पताल के बराबर वाली सड़क पर कूड़ाघर बन जाने की समस्या का समाधान कराने भी महापौर ने वादा किया।
जल निगम ने किया नरक
सीवर लाइन के लिए पूरे शहर की सड़कों को खोदकर डाल देने वाले जल निगम ने फिर से साकेत में गोल मार्केट के सामने गहरी खुदाई करके रास्ता बाधित कर दिया है। नागरिकों की शिकायत पर महापौर ने जल्द जल निगम के अफसरों को तलब करने तथा सुधार कराने का वादा किया।
डी ब्लाक बना मिसाल
साकेत कालोनी की कई सड़कों का नगर निगम ने निर्माण कराया है। लेकिन डी ब्लाक के लोगों ने उसमें चार चांद लगा दिए। वहां के लोगों ने आपस में धनराशि एकत्र करके ब्लाक की सड़कों पर रात में चमकने वाली रेडियम की सफेद पंट्टी, रेडियम लाइटें लगवा दी तथा अन्य सौंदर्यीकरण का कार्य कराया। यह ब्लाक मिसाल बना है।
जनता ने उठाया खुद सफाई का बीड़ा
 विशेष सफाई अभियान से आए बदलाव से खुश साकेत व मानसरोवर की जनता ने सफाई का बीड़ा खुद उठाने की घोषणा की। संतोष पंवार ने कहा कि दैनिक जागरण के प्रयास सफल होंगे। शहर की जनता सफाई के लिए जागरूक होगी। बीना रस्तोगी ने कहा कि स्वच्छता के माध्यम से ही अच्छे स्वास्थ्य की कल्पना की जा सकती है। शशांक शर्मा ने कहा कि साकेत में सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की जरूरत है। नंदकुमार ने कहा कि एक दिन के अभियान ने ही कालोनी की रंगत बदल डाली। पंकज जैन ने कहा कि जनता को खुद भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। नागरिक यदि कूड़े को एकत्र करके रखें और निगमकर्मियों को सौंप दें तो गंदगी की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। जवाहर लूथरा ने कहा कि धनवंतरी अस्पताल के बराबर में पूरी कालोनी का कूड़ा डाल दिया जाता है। कालोनी में कूड़ाघर बनाने की उन्होंने मांग की। मानसरोवर निवासी पूर्व पार्षद ललित नागदेव ने कहा कि आपसी सहयोग से ही गंदगी की समस्या से निजात पाई जा सकती है। पूरी जिम्मेदारी नगर निगम पर ही डाल देने से काम चलने वाला नहीं है। कालोनी की सीवर लाइनों की सफाई की उन्होंने मांग की। एमएस जैन ने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइटों ठीक होने की बात कही। चमकेगी कंकरखेड़ा की डिफेंस एन्क्लेव कालोनी

दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान का दूसरा पड़ाव सोमवार को कंकरखेड़ा की डिफेंस एन्क्लेव कालोनी में होगा। अभियान के दौरान यहां विशेष सफाई कार्य होगा। महापौर, नगर निगम के अफसर, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी इस अभियान में शामिल होंगे।