Friday, August 30, 2013

गायब ऑस्ट्रेलियन युगल की तलाश

ऑस्ट्रेलिया से आगरा आकर होटल में ठहरे एक जोड़े का होटल से घूमने निकलने के बाद से अब तक कुछ पता नहीं है। जोड़ा ताजमहल का दीदार करने यहां आया था। इस कपल के वापस नहीं लौटने पर होटल संचालक ने पर्यटन थाना पुलिस को पर्यटकों के गायब होने की लिखित सूचना दी है।
इस मामले में पुलिस ने ऑस्ट्रेलियन दूतावास को सूचित करने के साथ ही गायब ऑस्ट्रेलियन युगल की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया निवासी 26 वर्षीय पीकॉक रावर्ट स्टीफन अपनी महिला मित्र उरेलसे जेड के साथ ताजनगरी आगरा घूमने के लिए 26 अगस्त को आए थे। ये लोग ताजमहल के पूर्वी गेट पर स्थित होटल शीला के कमरा नंबर 102 में ठहरे थे।
होटल कर्मचारियों के अनुसार ये दोनों मंगलवार शाम करीब 4 बजे होटल से घूमने के लिए निकले लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। बुधवार शाम तक दोनों पर्यटकों के वापस नहीं लौटने पर होटल संचालक नीरज अग्रवाल ने पर्यटन थाना पुलिस को लिखित सूचना देकर पर्यटकों के गायब होने के बारे में बताया। पर्यटकों के गायब होने की जानकारी होते ही पुलिस की हवाईयां उड़ गई।

होटल संचालक ने पुलिस को बताया कि पर्यटकों का सामान भी होटल के कमरे में ही रखा हुआ है। मामला विदेशी पर्यटकों का होने के कारण पुलिस ने आनन-फानन में ऑस्ट्रेलियाई दूतावास को सूचित करने के साथ ही गायब दोनों पर्यटकों की ई-मेल आईडी पर मेल कर तुरन्त पुलिस से संपर्क करने को कहा। इस सम्बन्ध में पर्यटन थाना प्रभारी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि पर्यटक वापस होटल में नहीं लौटे हैं पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई दूतावास को भी सूचित कर दिया गया है।

Thursday, August 29, 2013

कवाल गांव में छात्रा - छेड़छाड़

 जनपद मुजफ्फरनगर के कवाल गांव में छात्रा के छेड़छाड़ के मामले में मंगलवार को हुई तीन युवकों की हत्या का मामला बुधवार को भी गर्माया रहा। छेड़छाड़ की शिकार छात्रा के भाई और मामा को दूसरे संप्रदाय के लोगों द्वारा बेरहमी से पीट-पीट कर मार डालने से गुस्साए उनके परिजनों और गांववालों ने बुधवार की सुबह जाम लगाकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होने दूसरे समुदाय के वहां पर मौजूद खोखों को आग के हवाले करने के साथ ही कुछ लोगों से मारपीट भी की। भारी मात्रा में पुलिस की मौजूदगी के कारण मामला ज्यादा नही बढ़ पाया।

इस घटना की गूंज शासन तक पहुंचने के बाद जिले के डीएम सुरेन्द्र सिंह और एसएसपी मंजिल सैनी को हटा दिया गया है। मामले की नजाकत को समझते हुए प्रदेश के एडीजी लॉ एण्ड ऑर्डर अरूण कुमार बुधवार की दोपहर जिले में तैनात किए गए नए एसएसपी सुभाष चंद्र दूबे को लखनए से हैलीकॉपटर से लेकर यहां पहुंचे। अरूण कुमार, एसएसपी और नए डीएम कोशल राज शर्मा ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाया।

बुधवार सुबह मलिकपुरा गांव के लोगों ने पानीपत- खटीमा मार्ग पर जाम लगा कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि मंगलवार को उनके गांव के दो युवक 17 साल के गौरव मलिक और सचिन की कवाल गांव के लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। लेकिन पुलिस ने अभी तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया है। बताया जाता है गुस्साए लोगों ने कवाल गांव के कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की।
 


Friday, August 23, 2013

करोड़ों का घोटाला

 पावर कॉरपोरेशन के एक कैशियर पर ऑनलाइन जमा होने वाले बिजली के बिलों में सेंध लगाकर करोड़ों का घोटाला करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में संबंधित कैशियर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक विजय विश्वास पंत ने घोटाले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रारंभिक जांच में आरोपी कैशियर के खिलाफ करीब 22.50 लाख का घोटाला पकड़ा गया है। आरोपी कैशियर के खिलाफ नौचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी कैशियर को सस्पेंड करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रबंध निदेशक के अनुसार आरोपी कैशियर का नाम शादाब खान है। मेरठ शहर के खंड 3 के रंगोली उपखंड में तैनात शादाब खां पर आरोप है कि उसने बिल जमा करने वाले कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी कर घोटाला किया है। प्रबंध निदेशक के अनुसार कंप्यूटर बिलिंग दिसंबर 2011 से शुरू हुई थी। करीब डेढ़ साल में 22.50 लाख का घोटाला सामने आ चुका है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले हाथ से रसीद कटती थी। ऐसे में घोटाले की रकम और ज्यादा होने की संभावना से इनकार नही किया जा सकता। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस घोटाले का पर्दाफाश होने के बाद एहतियात के तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम क्षेत्रों में खंड व उपखंड के खातों को चेक कराया जा रहा है।

Monday, August 19, 2013

बंधक बना लिया और उसके साथ रेप किया

 जिले के खरखौदा गांव के जंगल में एक किशोरी से गांव के ही एक युवक ने कथित रूप से पिस्तौल दिखा कर रेप किया। घटना से गुस्साए पीड़ित पक्ष के लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
खरखौदा पुलिस ने शनिवार को पीड़ित किशोरी की तहरीर के आधार पर बताया कि गांव दस्तोई निवासी 15 साल की किशोरी शुक्रवार देर शाम गांव के जंगल में उपले लेने गई थी। किशोरी को अकेला पाकर गांव के ही भीम सिंह (22) नामक युवक ने पिस्तौल दिखा कर किशोरी को कथित तौर पर बंधक बना लिया और उसके साथ रेप किया। आरोपी ने पीड़ित किशोरी के साथ ही उसके परिजनों को पुलिस में शिकायत नही करने के लिए धमकी दी। 
पुलिस के अनुसार पीड़ित किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Wednesday, August 14, 2013

ट्रेन भी आसानी से

दिल्ली में ट्रांसपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में जितना भी डिवेलपमेंट हुआ, उसका फायदा सिर्फ दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के एक बेहद सीमित इलाके में रहने वाले लोगों को ही मिला। रैपिड रेल प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यही होगी कि इसके जरिए दिल्ली और एनसीआर के दूरदराज के इलाके भी एक वर्ल्ड क्लास ट्रांसपोर्ट सिस्टम के जरिए आपस में सीधे कनेक्ट हो जाएंगे। इतना ही नहीं, दिल्ली एनसीआर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अन्य साधनों से भी इसका बेहतर ढंग से इंटिग्रेशन किया जाएगा, ताकि रैपिड रेल से आने जाने वाले लोगों को आगे की जर्नी के लिए मेट्रो, इंटर स्टेट बसें, डीटीसी बसें और ट्रेन भी आसानी से मिल जाएंगे। 
दिल्ली एनसीआर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम की सूरत बदलने वाले इस प्रोजेक्ट के फेज-1 के लिए शुरुआत में तीन प्रायॉरिटी कॉरिडोर की पहचान की गई है। दिल्ली-पानीपत, दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-अलवर। ये तीनों ही कॉरिडोर दिल्ली को यूपी, हरियाणा और राजस्थान जैसे तीन पड़ोसी राज्यों के उन इलाकों से जोड़ेंगे, जो वैसे तो एनसीआर के तहत आते हैं लेकिन अभी उनके साथ डायरेक्ट कनेक्टिविटी मुहैया कराने के लिए ऐसा कोई मजबूत और मॉडर्न रीजनल ट्रांजिट सिस्टम मौजूद नहीं है, जो कम समय और कम पैसों में आरामदायक तरीके से लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचा सके। रैपिड रेल इसी कमी को दूर करेगी। रीजनल रैपिड रेल प्रोजेक्ट के वैसे तो कई पहलू हैं, लेकिन हम सबसे पहले इस प्रोजेक्ट के उन तीन कॉरिडोर पर रोशनी डालेंगे, जिनसे दिल्ली-एनसीआर के आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। 
मेरठ से दिल्ली नौकरी, बिजनेस और दूसरे कामों के सिलसिले में आने वालों की तादाद अभी भी काफी संख्या में है। इसके भविष्य में भी काफी तेजी से बढ़ने के चांस हैं। इस वक्त लोग ट्रेन या बसों से दिल्ली आते हैं जिसमें 2 से 2.5 घंटे लगते हैं। सड़क से आने में अक्सर जाम में फंसकर लोग कई-कई घंटे फंसे रहते हैं। रैपिड रेल के पहले फेज में मेरठ और दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतरीन होने के पूरे चांस हैं। 


दो बार शादी करना अब उनके गले की फांस

 मेरठ रेंज के डीआईजी जेल डीके पांडा का दो बार शादी करना अब उनके गले की फांस बनता जा रहा है। शासन स्तर से उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। शासन ने जांच की जिम्मेदारी मुरादाबाद पुलिस आकदमी के डायरेक्टर एके जैन को सौंपी है।

सोमवार को डीके पांडा और उनकी दोनों पत्नियों ने जैन के सामने करीब पांच घंटे तक अपने बयान दर्ज कराए हैं। एडीजी जैन अब शासन को भेजने के लिए रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

मेरठ रेंज के डीआईजी जेल डीके पांडा के खिलाफ शासन ने विभागीय जांच मुरादाबाद पुलिस अकादमी के डायरेक्टर एके जैन को सौंपी थी। इसी सिलसिलें में डीके पांडा और उनकी दोनो पत्नियां सोमवार को मुरादाबाद पुलिस अकादमी पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां लगभग पांच घंटे तक तीनों से पूछताछ और बयान दर्ज होने की कार्यवाही चलती रही।

स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

Thursday, August 8, 2013

स्कूल के मैनेजर और प्रिंसिपल पर धारदार हथियार से हमला

नौकरी से सस्पेंड किए जाने से नाराज एक सफाई कर्मचारी ने अपने बेटे के साथ मिलकर बुधवार सुबह स्कूल के मैनेजर और प्रिंसिपल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मैनेजर की मौके पर मौत हो गई और प्रिंसिपल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरापी बाप-बेटे मौके से फरार हो गए। प्रिंसिपल को अस्पताल पहंुचाया गया। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। 
कस्बा सरधना जुल्हेड़ा रोड स्थित चंद्रशेखर हायर सेकेंडरी स्कूल में जुल्हेड़ा गांव निवासी नत्थू सिंह सफाई कर्मी के रूप में काम करता था। मंगलवार को नत्थू को गलत आचरण करने के आरोप में स्कूल से सस्पेंड कर दिया गया था। सस्पेंड होने के बाद गुस्से में आगबबूला नत्थू बदला लेने की धमकी देता हुआ स्कूल से चला गया था। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे नत्थू अपने बेटे सचिन के साथ स्कूल पहंुचा। दोनों के हाथ में धारदार हथियार थे। वे सीधे मैनेजर के कमरे में घुस गए। उस समय स्कूल के मैनेजर सूरज बली गोयल और स्कूल के पिं्रसिपल शरणवीर सिंह एक ही कमरे में बैठे थे। आरोप है कि सूरज बली व शरणवीर कुछ समझ पाते इससे पहले ही नत्थू व उसके बेटे ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले से लहूलुहान होकर वहीं गिर गए मैनेजर सूरज बली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शरणवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद सभी छात्र व शिक्षक कक्षाओं से बाहर आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद नत्थू अपने बेटे सचिन के साथ वहां से फरार हो गया। वहां मौजूद छात्र और शिक्षक उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रिंसिपल को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस नत्थू व उसके बेटे सचिन की तलाश कर रही है। इस घटना से कस्बे में भारी रोष है।

Wednesday, August 7, 2013

15 लाख कांवड़ियों/श्रद्धालुओं द्वारा आशुतोष भगवान का जलाभिषेक किया गया

 पौराणिक सिद्धपीठ पुरामहादेव मंदिर पर लगे लक्खी श्रावणी कांवड़ मेला शांतिपूर्वक संपन्न होने से क्षेत्रवासियों के साथ ही पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। लगभग 15 लाख कांवड़ियों/श्रद्धालुओं द्वारा आशुतोष भगवान का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक करने वालो में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ ही आईजी भावेश कुमार सिंह व एसएसपी मेरठ दीपक कुमार भी शामिल थे।

परंपरागत झंडा पूजन व ध्वजारोहण में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों, मंदिर प्रबन्ध समिति पदाधिकारी व पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जलाभिषेक के घोषित समय में कुछ मिनटों का विलंब होने से अधीर कांवड़ियों के रेले प्रवेश द्वार पर लग गए थे। इक्का-दुक्का, धक्का-मुक्की व बैरिकेडिंग टूटने की घटनाओं को छोड़कर लगातार शांतिपूर्वक जलाभिषेक दोपहर बाद तक जारी रहा।

श्रावण का सोमवार होने से दोपहर में आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। गत वर्ष की अपेक्षा कावंड़ियों की संख्या कम होने का कारण उत्तराखण्ड त्रासदी को माना जा रहा है। एसपी लक्ष्मी सिंह दौड़-दौड़ कर व्यवस्था संभालती दिखी। एडीएम एमएम खान, एएसपी सुनील कुमार सिंह व एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव भी भीड़ नियंत्रित करते देखे गए।

Friday, August 2, 2013

गोल्डन बाबा - कांवड़ लेकर

 हरिद्वार से अपने काफिले के साथ कांवड़ लेकर आ रहे दिल्ली के गोल्डन बाबा गुरूवार को यहां मोदीनगर से गुजरे। उनकी कांवड़ टीम में करीब सवा सौ कांवड़िए है। बाबा ने करीब दो किलो सोना पहन रखा है। हाथ में डायमंड की खासी महंगी घड़ी है जिसकी कीमत लाखों में है। उन्हें देखने के लिए हाईवे पर यहां खासी भीड़ जुट गई।

दिल्ली गांधी नगर के रेडिमेंट गारमेंट के व्यापारी सुधीर मकक्ड़ की यह 15वीं कांवड़ है। वह पिछले 15 वर्षो से इसी प्रकार से बराबर कांवड़ ला रहे। सोना पहनना उनके जीवन का अपना नशा है। उनके साथ उनकी ही फैक्टरी में विभिन्न प्रकार के काम करने वाले करीब सवा सौ कांवड़िए और दोस्त चल रहे हैं। गुरूवार की सुबह वह मेरठ से चलकर यहां दोपहर करीब दो बजे पहुंचे और बस स्टैंड में लगे कांवड़ शिविर में आराम करने के बाद वह करीब छह बजे दिल्ली की ओर रवाना हो गए।

60 वर्षीय सुधीर बाबा की चाल बहुत तेज है। उनके साथ चलने का मतलब है दौड़ लगाना। उनके साथ चल रहे कांवड़ियों ने बताया कि एक बार कांवड़ उठाने के बाद गोल्डन बाबा उसी स्थान पर जाकर रूकते हैं जहां उन्हें विश्राम करना होता है। अपना और अपनी टीम का राशन पानी उनके साथ है। उनके काफिले के पीछे-पीछे चल रही उनकी खासी कीमती गाड़ी के आगे गोल्डन बाबा की प्लेट लगी है। कार पर डीजे बज रहा है। उसमें बज रहे भोले बाबा के भजन यात्रा के दौरान उनमें जोश भर देते हैं। उनके साथ चल रहे कांवड़िए यात्रा के समय स्वयं व्यवस्था बनाते चलते हैं। इस दौरान वह बाबा के पास किसी फटकने नहीं देते।