गन्ना किसानों के हक की लड़ाई लड़ने वाला राष्ट्रीय
किसान मजदूर संगठन, अब राजनीतिक पार्टी गठित करेगा। दावा
है कि 50 लाख किसान व 50 लाख मजदूर
परिवारों के दम पर वर्ष 2017 में प्रदेश में किसानों की
सरकार बनाई जाएगी।
रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने यह घोषणा
करते हुए कहा कि 68 वर्षो से किसान को बेवकूफ बनाया जा रहा है। किसान संगठनों
ने भी कुछ नहीं किया। मलियाना में जेडी फार्म हाउस में पश्चिमी उ.प्र. के
कार्यकर्ता सम्मेलन में नई राजनीतिक पार्टी के स्वरूप पर चर्चा की गई। इस दौरान
पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने बताया कि आजादी के बाद से
सभी दल और किसान संगठन, किसानों की हिमायत के नाम पर उन्हें
बेवकूफ बना रहे हैं। प्रदेश सरकार भी चीनी मिलों से मिलकर किसानों का गन्ना भुगतान
नहीं होने दे रही है। प्रदेश में ऐसी सरकार की जरूरत है जो किसानों के हित की बात
करे। किसानों का पैसा न देने वाली मिलों को तत्काल सरकार टेकओवर कर ले। 2017
में संगठन प्रदेश में किसानों की सरकार बनाएगा। चौधरी चरण सिंह के
जन्मदिवस पर 23 दिसंबर को दिल्ली में संगठन अपनी राजनीतिक
पार्टी की घोषणा करेगा। पार्टी का सबसे पहला लक्ष्य यूपी में 2017 में किसानों की सरकार बनाना है। कहा है कि कृषि प्रधान देश में पिछले 15
साल में 3 लाख से ज्यादा किसान आत्महत्या कर
चुके हैं। संगठन 20 वर्षो से किसानों की लड़ाई कोर्ट के
माध्यम से लड़ रहा है। विभिन्न जाति धर्मो में बंटे किसानों को किसान बिरादरी में
वापस लाना उद्देश्य है। प्रदेश में 50 लाख किसान हैं,
उनके साथ 50 लाख से ज्यादा मजदूर जुड़े हैं। एक
करोड़ परिवार के लोग संगठन से जुड़े हैं, उन्हीं के दम पर
सरकार बनेगी। अच्छा काम करने वाले किसान संगठनों को साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा
कि जो पार्टी हमारा एजेंडा स्वीकार करेगी, उसी से गठबंधन
किया जाएगा। इस दौरान स्वामी ओमवेश ने कहा कि संगठन अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगा। न
तो किसी को बैशाखी बनाएगा और न ही खुद किसी की बैशाखी बनेगा।

No comments:
Post a Comment