Monday, July 4, 2011

यूनिवर्सिटी और कॉलेज स्तर पर टाइट सिक्योरिटी बरतने के बावजूद पेपर कैसे आउट हो जाता है।

कुछ दिन पहले मेरठ यूनिवर्सिटी में एग्जाम से एक दिन पहले बीबीए व बीसीए का पेपर आउट हो गया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने टीम बनाकर कई कॉलेजों में छापा मारा और पेपर को कैंसल कर दिया गया। इसका सीधा असर स्टूडेंट्स पर पड़ा। वे उत्तेजित भी हुए। इस मुद्दे पर यूथ की अलग-अलग राय है। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी और कॉलेज स्तर पर टाइट सिक्योरिटी बरतने के बावजूद पेपर कैसे आउट हो जाता है। यूथ की राय बता रहे हैं रानू पाठक : यूनिवर्सिटी अपने स्तर से एग्जाम पेपर को बनाती है। इसमें काफी सिक्योरिटी बरती जाती है। यहां तक मालूम नहीं होता कि पेपर कौन से टीचर्स फाइनल कर रहे हंै। इसके बाद भी पेपर आउट हो जाता है। कौन यह सब करते हंै, उनकी कितनी ऊंची पहुंच होती है कि वह इतनी सिक्योरिटी के बाद भी आसानी से यह काम कर देते है। जांच होती है, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं होता। पेपर कैंसल कर दिया जाता है। ऐसे में अंत मंे नुकसान स्टूडेंट्स का ही होता है। यह सब रुकना चाहिए। जो दोषी है वह सलाखांे के पीछे हो। एग्जाम प्रोसेस मंे पारदर्शिता होनी चाहिए।

Monday, June 20, 2011

भूकंप के हल्के झटके

गाजियाबाद समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में सोमवार को कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तराखंड के कई शहरों में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। सोमवार 11.57 बजे गाजियाबाद में भूकंप के हल्के झटके महूसस किए। हालांकि इससे जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। उत्तराखंड में देहरादून, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में भी भूकंप के झटके महसूर किए गए। हिमाचल की राजधानी शिमला में भी कम तीव्रता वाले भूकंप के झटकों को महसूस किया गया।

Wednesday, June 8, 2011

हरिद्वार की तर्ज पर गढ़ मुक्तेश्वर बृजघाट का विकास कार्य शुरू

हरिद्वार की तर्ज पर गढ़ मुक्तेश्वर बृजघाट का विकास कार्य शुरू हो गया है। मंगलवार को यहां पर नौ विकास कार्यों का शिलान्यास राज्यसभा के सदस्य नरेंद्र कश्यप ने किया। विकास कार्यों पर अवस्थापना निधि से आठ करोड़ 33 लाख 52 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। डीएम हृदयेश कुमार ने बताया कि भरतपुर की तर्ज पर यहां पर एक बर्ड सैंक्चुरी बनाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। बर्ड सैंक्चुरी बनने के बाद गढ़ मुक्तेश्वर भी देश के प्रमुख पर्यटक स्थलों के नक्शे पर आ जाएगा। विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए सांसद ने बताया कि जब ये प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे , बृजघाट भी हरिद्वार की तरह खूबसूरत दिखेगा। बृजघाट में 1.80 करोड़ की लागत से 60 मीटर लंबा स्नान घाट और पार्किंग स्थल से अप्रोच मार्ग तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। गढ़ मुक्तेश्वर से नक्का कुंआ तक सड़क चौड़ी की जाएगी। डीएम ने बताया कि नक्का कुंआ से मेला स्थल तक सड़क निर्माण और पथ प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए शासन से धन हासिल करने की कोशिश की जा रही है। शासन से धनराशि न मिलने पर जिला प्रशासन अपने संसाधन से यह काम कराएगा। ये सारे प्रोजेक्ट हापुड़ - पिलखुवा विकास प्राधिकरण को पूरा करना है।

Friday, June 3, 2011

समझौते में श्रमिक सशर्त बकाया भुगतान लेने के लिए राजी

मोदी स्पिनिंग एंड वीविंग मिल्स की मोदी क्लॉथ यूनिट के मैनेजमेंट , श्रमिक नेताओं और प्रशासन के बीच गुरुवार को हुए समझौते में श्रमिक सशर्त बकाया भुगतान लेने के लिए राजी हो गए हैं। त्रिपक्षीय समझौते की बातचीत एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बातचीत में मैनेजमेंट की और से आलोक सिंघल , राजेंद्र शर्मा , श्रमिकों की ओर से अनुराग फेडरेशन के महामंत्री के . के . शुक्ला , रमेश दत्त शर्मा और नन्हे खां और श्रम विभाग की ओर से आर . यू . यादव सहित तीनों पक्षों की ओर से और लोग भी मौजूद थे। तय हुआ है कि मोदी क्लॉथ मिल के जिन श्रमिकों का मिल की ओर बकाया है , वे 3 जून को मिल में काम करने का सबूत मैनेजमेंट अधिकारी के पास जमा कराएंगे और 6 जून से मुआवजा राशि बांटी जाएगी। इसमें यह भी तय किया गया है कि यूनियन की ओर से 24 जनवरी 2008 के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में जो रिट दायर है उसका जो भी जजमेंट या इसी मामले में बीएफआर और एएआईएफआर का जो भी अंतिम निर्णय होगा वह सभी पक्षों को मान्य होगा और मजदूर उस लाभ को पाने के अधिकारी होंगे।

Friday, May 27, 2011

निजामुद्दीन ( नई दिल्ली ) से मेरठ के पल्लवपुरम तक हाईस्पीड ट्रेन ब्रॉडगेज पर दौड़ेगी।

निजामुद्दीन ( नई दिल्ली ) से मेरठ के पल्लवपुरम तक हाईस्पीड ट्रेन ब्रॉडगेज पर दौड़ेगी। आरआरटीएस ( रैपिड रेल ट्रांसपोर्ट सिस्टम ) की सीआरसी ( कंसल्टेंसी रिव्यू कमिटी ) की बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक में बोगी के स्टैंडर्ड , इंटरनल डिजाइन , स्टेशन के साइज और डिजाइन पर भी मंथन हुआ। प्रस्ताव आया कि कोच की लंबाई 26 मीटर रखी जाए और यह एल्युमिनियम का बना हो। बोगी में कॉमन एसी हो। आरआरटीएस टास्क फोर्स की बैठक में प्लान फाइनल होगा। दिल्ली में हुई इस बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट कंसल्टेंट कंपनी , हाईस्पीड ट्रेन कंसल्टेंसी कंपनी के इंजीनियरों और सीआरसी अफसरों ने हिस्सा लिया। लगातार कई घंटे चली बैठक में हाईस्पीड ट्रेन के इंजन साइज , कोच , स्टेशन , कोच में सीटिंग डिजाइन पर बातचीत हुई। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह हुआ कि हाईस्पीड ट्रेन ब्रॉडगेज पर दौड़ेगी। ट्रेन की बोगी एल्युमिनियम से बनी होगी। इसमें कॉमन एसी होगा , 2 ट्रेनों को मेन स्टेशन से छोड़ते वक्त कम से कम 5 या 5.5 किलोमीटर का अंतर होना चाहिए। इन सभी पॉइंट पर टेक्निकल कमिटी और कंसल्टेंसी कंपनी की एक राय बनी। फिलहाल यह तय नहीं हो पाया है कि हाईस्पीड ट्रेन में कितने कोच होंगे। बैठक में 6 और 9 बोगी का प्रस्ताव आया है। कोच के साइज पर भी आखिरी फैसला नहीं किया जा सका। वैसे रेलवे के कोच 24 मीटर लंबे और 3.7 मीटर चौड़े हैं। हाईस्पीड ट्रेन के कोच को 26 मीटर लंबा और 3.7 मीटर चौड़ा बनाने का प्रपोजल है। कोच का डिजाइन फाइनल होने के बाद ही स्टेशन का डिजाइन फाइनल होगा। अभी यह भी तय नहीं हो पाया कि कोच में कितनी सीट होगी। 2 और प्रस्ताव कमिटी के सामने पेश हुए। पहले प्रस्ताव में ट्रेन में 64 सीट और दूसरे प्रस्ताव में 115 सीट डिजाइन करने की बात कही गई है। कोच का इंटरनल मेट्रो कोच की तरह होगा। इसमें टॉयलेट फैसिलिटी नहीं होगी और खड़े होने के लिए हैंड हैंडल होंगे। सीआरसी की टेक्निकल कमिटी के मिनट्स तैयार कर उसे टास्क फोर्स की बैठक में पेश किया जाएगा। बैठक में कंसल्टेंसी कंपनी और अन्य टेक्निकल कमिटी में शामिल इंजीनियरों से कहा गया कि हाईस्पीड ट्रेन में किसी भी नई तकनीक का प्रयोगात्मक यूज नहीं किया जाएगा। प्रायोगिक तकनीक ही हाईस्पीड ट्रेन में यूज होगी। सीआरसी के मिनट्स को जल्द ही दिल्ली में होनी वाली आरआरटीएस टास्क फोर्स की बैठक पेश किया जाएगा। हाईस्पीड ट्रेन का रूट पहले ही फाइनल हो चुका है।

Monday, May 16, 2011

किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का अंतिम संस्कार सोमवार

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष और दिग्गज किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का अंतिम संस्कार सोमवार शाम को मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव में किया जाएगा। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। भारतीय किसान यूनियन के एक पदाधिकारी ने सोमवार को बताया, ''तय कार्यक्रम के अनुसार चौधरी साहब का अंतिम संस्कार सोमवार शाम चार बजे सिसौली गांव स्थित भाकियू मुख्यालय 'किसान भवन' में होगा। बाद में उनकी अस्थियां हरिद्वार ले जाकर गंगा में विसर्जित कर दी जाएंगी।'' टिकैत को श्रद्धांजलि देने सोमवार को कई दिग्गज नेता पहुंच रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सीनियर नेता राजनाथ सिंह व कलराज मिश्र तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही टिकैत को श्रद्धांजलि देने सिसौली पहुंच रहे हैं। ऐसी भी अटकलें हैं कि कांग्रेस महासिचव राहुल गांधी, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के साथ सिलौली पहुचेंगे। गौरतलब है कि टिकैत का लम्बी बीमारी के बाद मुजफ्फरनगर में रविवार सुबह निधन हो गया। वह 76 साल के थे।

पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने पर लोगों में खासा रोष

: मुरादनगर में गंगनहर के पुल के पास रविवार को मोटरसाइकल सवार 25 वर्षीय युवक की बस से कुचलकर मौत हो गई। युवक की पहचान दीपक के रूप में हुई है और वह मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगला ताशी का रहने वाला था। एनबीटी न्यूज ॥ मुरादनगर की ईदगाह बस्ती में शनिवार रात एक युवक को गोली मार दी गई। उसका नाम शहनवाज बताया गया है। उसे गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीडि़त पक्ष की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एनबीटी न्यूज ॥ : पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को बस स्टैंड पर सतेंद्र त्यागी की अगुआई में लोगों ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने पर लोगों में खासा रोष है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने पिछले 11 महीनों में आठ बार तेल के दाम बढ़ाए हैं। लोगों की कमर तोड़ दी है। उसका सबसे ज्यादा असर आम आदमी पर पड़ेगा। एनबीटी न्यूज॥ : दिल्ली मेरठ नैशनल हाइवे पर गांव सीकरी कलां के पास स्थित आस्था एजुकेशनल इंस्टिट्यूट में रविवार को व्यवसायिक टीचर एजुकेशन विषय पर दो दिवसीय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली और कई शहरों के शिक्षाविद् भाग ले रहे हैं। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि वी.के. पाशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का मूल आधार है। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य संस्था के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।

Tuesday, May 10, 2011

गायन प्रतियोगिता का आयोजन

हापुड़ : थाना हापुड़ देहात बाईपास पर कार और अज्ञात वाहन की टक्कर में दिल्ली निवासी दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर दिल्ली से कार से ऊधमपुर जा रहे दिल्ली निवासी गुरमीत और मंजीत की मौत हो गई।
हापुड़ : शहर में आगामी 12 जून को गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा, जिसमें लखनऊ के मशहूर गायक अजरदार हुसैन और संगीतकार मजहर जूरी के सदस्य के रूप मे उपस्थित रहेंगे।
के. एल. ए. संगठन के मैनेजर अजीत कुमार शर्मा और आकाश जैन ने कहा कि प्रतियोगिता का मकसद ग्रामीण अंचल में छिपी प्रतिभाओं को खोज निकालना है,
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में गायन मेंं रुचि रखने वाला कोई भी शख्स भाग ले सकता है। कार्यक्रम मेंं शासन व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विजयी प्रतियोगियों को सम्मानित करेंगे।

Monday, April 25, 2011

पथराव में 10 पुलिस अधिकारियों सहित करीब 30 लोग घायल

उत्तर प्रदेश के मेरठ में दो समुदाय के लोगों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हुए पथराव में 10 पुलिस अधिकारियों सहित करीब 30 लोग घायल हो गए। हिंसा के सम्बंध में अब तक 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिंसा रविवार देर रात उस समय भड़की जब जिले के काजीपुरा कस्बे में कुछ युवकों ने कथित रूप से एक मस्जिद में घुसकर वहां के इमाम के साथ मारपीट की। मारपीट करने वाले युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक समुदाय के लोगों ने शास्त्री नगर इलाके में कई दुकानों व रोडवेज बसों को आग के हवाले कर दिया। जैसे ही यह खबर फैली अलग-अलग इलाकों में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गये और एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। उपद्रवियों ने एम-ब्लाक पुलिस चौकी में आगजनी करके कई निजी वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए उपद्रवियों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। जिले के पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि हिंसा और आगजनी करने के आरोप में अब तक 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है कि कहीं इस हिंसा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जान बूझकर तो नहीं भड़काया गया। मेरठ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि फिलहाल हालात तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से काबू में है। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर डेरा डालकर स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। मिश्रा ने इस बात से साफ इनकार किया कि उपद्रवियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तरफ से गोली चलानी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक तनावग्रस्त इलाकों में प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के साथ आसपास के जिलों से बुलाए गए पुलिस बल को तैनात किया गया है। घायलों में सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आईएएस ऑफिसर सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल एहतियात के तौर पर शहर के सभी स्कूल, कॉलेजों को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है।

Sunday, April 24, 2011

मेरठ मंडल के कमिश्नर भुवनेश कुमार आंबेडकर गांव मुठियानी का दौरा किया

शनिवार को मेरठ मंडल के कमिश्नर भुवनेश कुमार ने नए चयनित आंबेडकर गांव मुठियानी का दौरा किया। ग्रामीणों के साथ ओपन मीटिंग कर उन्होंने गांव में एक साथ कई विकास कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने दादरी-जारचा रोड से मुठियानी गांव तक जर्जर हालत में पहुंच चुके संपर्क मार्ग का बरसात से पहले जीर्णोद्धार करने का निर्देश दिया है। कमिश्नर ने बताया गांव में कच्ची सड़क नहीं होगी। 1 करोड़ 19 लाख की लागत से लोक निर्माण विभाग 41 गलियों मेंे सीसी रोड बनाएगा। गांव में एक ट्रांसफर लगाया जाएगा और 59 बिजली के पोल लगाए जाएंगे। ग्रामीणांे की मांग पर उन्होंने डीएम दीपक अग्रवाल को श्मशान घाट व कब्रिस्तान की तार फेंसिंग कराने का निर्देश दिया।

Thursday, April 14, 2011

सप्तमी और अष्टमी को महामाया देवी मंदिर पर लगने वाला धार्मिक मेला खत्म

गांव सीकरी खुर्द में हर साल चैत्र के महीने की षष्ठी, सप्तमी और अष्टमी को महामाया देवी मंदिर पर लगने वाला धार्मिक मेला खत्म हो गया, लेकिन मेले में उमड़े जन सैलाब से प्रशासन की तरफ से मेले में व्यवस्था बनाए रखने के सारे इंतजाम फेल हो गए। नवरात्र के पहले ही दिन बदमाशों ने पांच महिलाओं की चेन लूट ली। मेले में जगह-जगह गंदगी का आलम दिखा। विशाल जन समंदर को काबू में करने के लिए केवल 150 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। भक्तों ने विधि विधान से देवी की पूजा-अर्चना की, लेकिन उन्हें तमाम समस्याओं से जूझना पड़ा । एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने साधनों से मेले में व्यवस्था बनाने के हरसंभव प्रयास किए, जिसमें उन्हें खासी सफलता मिली, लेकिन यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए भविष्य में सुधार की काफी गुंजाइश है। मेले की व्यवस्था से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख से कम नहीं थी। पहले सबसे ज्यादा भक्त सप्तमी और अष्टमी को ही देवी के मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए आते थे, लेकिन इस बार षष्टी से ही भक्तों का मंदिर में तांता लगना शुरू हो गया। नवमी को भी भारी भीड़ उमड़ी। लोगों का कहना है कि यहां आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए मंदिर समिति और लोकल प्रशासन ने जो भी इंतजाम किए थे , वह बौने साबित हुए। सूत्रों का कहना है कि इतने विशाल मेले में लोगों की जान - माल की सुरक्षा के लिए 150 पुलिस कर्मी तैनात किए गए । लिहाजा पहले ही नवरात्र पर बदमाशों ने 5 महिलाओं की चेन लूट ली । मेला प्रबंध कमिटी ने यहां आने वाले लोगों को पीने का साफ पानी मुहैया कराने के लिए केवल एक दर्जन हैंड पंप लगाए थे , जो कि किसी भी मायने में पर्याप्त नहीं है। मेले में शौचालयों की कमी भी लोगों को खासी खली। हालांकि मेले में सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी तैनात किए गए थे , मगर इसके बावजूद जगह - जगह गंदगी देखने को मिली। मेले के दौरान पुलिस ने महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले और जेबतराशी के आरोप में तीन दर्जन से भी अधिक बदमाशों को हिरासत में लिया। मेला परिसर और आसपास के इलाके में ही नहीं , पूरे मोदीनगर में चार दिन भारी जाम लगा रहा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के दबाव के आगे वाहन रेंग - रेंग कर ही चल रहे थे।

Wednesday, March 23, 2011

मेरठ मंगल के आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा।


मोदीनगर विकास संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मेरठ मंगल के आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा। ज्ञापन में मोदीनगर में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नगरपलिका के पूर्व चेयरमैन और श्रमिक नेताओं ने किया। ज्ञापन में जाम से निपटने के लिए सीकरी कलां से गांव कादराबाद तक दिल्ली-मेरठ हाइवे को कम से कम छह लेन करने की मांग की गई है। साथ ही, हाइवे पर बस स्टैंड, राज चौपला, रेलवे रोड़ हरमुख पुरी में ओवरब्रिज बनवाने की डिमांड की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पहले भी जाम के मुद्दे को लेकर वे डीएम के नाम ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन अभी तक इस समस्या से छुटकारा नहीं मिला है।

Tuesday, March 15, 2011

मेरठ समेत 11 जिलों में बिजली का बिल डाक से

वेस्टर्न यूपी के गाजियाबाद-गौतमबुद्धनगर और मेरठ समेत 11 जिलों में आम जनता को बिजली का बिल जमा करने के लिए लाइन में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। वे अपना बिल डाक से जमा करवा सकते हैं। इसके लिए शीघ्र पोस्टल डिपार्टमेंट और यूपी पावर कॉरपोरेशन के बीच एक समझौता होगा। पावर कॉरपोरेशन के एक सीनियर अफसर ने बताया कि बिजली बिल जमा करने में पब्लिक की परेशानी को देखते हुए यह प्रयोग किया जा रहा है। पावर कॉरपोरेशन और पोस्टल डिपार्टमेंट के बीच शीघ्र कॉन्ट्रैक्ट होगा। इसके तहत वेस्टर्न यूपी के एक दर्जन जिलों में डाक से बिल भुगतान करने की सुविधा होगी। इससे पब्लिक का समय बचेगा और समय से बिल जमा हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभी इसे प्रायोगिक तौर पर शुरू किया जाएगा। सफलता मिलने पर राज्य के सभी जिलों में इस सिस्टम को लागू किया जाएगा, जिससे पब्लिक विद्युत उपकेंद्रों पर बने भुगतान काउंटरों पर लाइन लगाने की जगह सीधे डाक से बिलों का पेमेंट कर भेज सकेंगे। अगले फाइनेंशियल ईयर से इसे अमल में लाने की संभावना है।

Friday, March 11, 2011

डॉक्टरों के हड़ताल पर रहने से मरीज सबसे अधिक परेशान

मेरठ में डॉक्टर के मर्डर के खिलाफ राज्य भर में डॉक्टरों की हड़ताल का दावा पीएमएस संघ का दावा है कि वेस्टर्न यूपी के गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, आगरा, सहारनपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, इलाहाबाद, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी में इमरजेंसी और पोस्टमार्टम को छोड़कर बाकी जगह ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप रही विशेष संवाददाता॥ लखनऊ : मेरठ में मंगलवार को डॉक्टर के मर्डर के बाद वेस्टर्न यूपी समेत राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर ओपीडी ठप रही। अस्पतालों में डॉक्टरों के हड़ताल पर रहने से मरीज सबसे अधिक परेशान हुए। कई गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों ने निजी अस्पतालों में शरण ली। पुलिस डॉक्टर की हत्या का कारण रंजिश बता रही है। मेरठ जिला जेल से 20 फरवरी को ही जिला हास्पिटल मेरठ में डॉ. हरपाल का तबादला किया गया था। मंगलवार रात को जेल से 200 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। यहीं पर जोन के एडीजी का आवास और ऑफिस भी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कहीं जेल की कोई घटना तो इस वारदात की वजह नहीं है। दूसरी ओर पीएमएस संघ के आवाहन पर डॉक्टर के मर्डर के मद्देनजर यूपी के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों ने कामकाज का बहिष्कार कर घटना का विरोध जताया। पीएमएस संघ के कार्यवाहक महासचिव डॉ. बी. पी. सिंह ने हड़ताल को सफल बताया। इस अवसर पर डॉ. हरपाल को शोकसभा में श्रद्घांजलि भी अर्पित की गई। संघ ने हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग यूपी सरकार से की है। संघ का दावा है कि वेस्टर्न यूपी के गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, आगरा, सहारनपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, इलाहाबाद, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी में इमरजेंसी-पोस्टमार्टम को छोड़कर बाकी जगह ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप रही। डॉक्टरों के कामकाज का बहिष्कार करने से दूरदराज से आने वाले मरीजों के साथ ही रोगियों को काफी परेशानियोें का सामना करना पड़ा।

Friday, February 25, 2011

निवासियों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं।

असुरक्षित सड़क - टीएचए में इंटरलॉकिंग ने निवासियों की बढ़ाई मुसीबत - पहले आईजीएल और अब जीडीए ने शुरू की तोड़ फोड़ट्रांस हिंडन के इंदिरा पुरम इलाके में जीडीए ने सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग के काम शुरू किया है। इससे निवासियों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं। पिछले कुछ महीनों से यहां पर सरकारी और निजी विभागों ने खुदाई कर सड़कों का बुरा हाल कर दिया है। पहले एयरटेल, फिर आईजीएल और अब जीडीए ने सड़कों के किनारे खुदाई शुरू की है। सड़कों की खुदाई से निकली मिट्टी लोगों के घरों में पहुंच रही हैं और गंदगी फैल रही है। नीति खंड-थर्ड के निवासी राजीव कुमार ने बताया कि उनके इलाके में सबसे पहले एयरटेल कंपनी ने अपनी अंडरग्राउंड केबिल डालने के लिए खुदाई की, कुछ दिनों तक इसी वजह से सड़कें खुदी पड़ी रहीं। जब एयरटेल का काम खत्म हुआ तो आईजीएल कंपनी के कर्मचारी खुदाई करने लगे। आईजीएल अभी यहां पर अपने काम खत्म नहीं कर पाई है। इसी बीच जीडीए ने यहां पर सड़कों के दोनों ओर इंटर लाकिंग का काम शुरू कर दिया। अब सड़कें फिर से खराब हो गई। जीडीए यदि इंटरलाकिंग का काम करता रहता तो कोई समस्या नहीं होती, मगर एक हफ्ते से यहां पर सड़कें खुदी पड़ी है और कोई काम नहीं किया जा रहा है। काम कर रहे ठेकेदारों का भी कहीं अता-पता नहीं है। कुछ गलियों में काम खत्म हो चुका है, लेकिन वहां से मलबा नहीं हटाया गया। कुछ गलियों में तो आधा-अधूरा काम ही किया गया है।

Tuesday, February 22, 2011

दिल्ली से मेरठ तक हाई स्पीड ट्रेन

दिल्ली से मेरठ तक हाई स्पीड ट्रेन के प्रोजेक्ट को लेकर मंगलवार को यूपी सरकार के प्रिंसिपल सेके्रट्री से बैठक होगी। जीडीए वीसी एन. के. चौधरी ने बताया कि एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की टेक्निकल कमिटी दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से मेरठ के तेजगढ़ी तक हाई स्पीड ट्रेन के प्रोजेक्ट के लिए (रीजन रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम) काम कर रही है। इस प्रोजेक्ट पर अपने हिस्से का खर्च यूपी सरकार पहले से ही देने को तैयार है। माना जा रहा है कि इसी को लेकर मंगलवार को लखनऊ में शासन स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में एनसीआर, केंद्र सरकार, तथा प्रदेश सरकार के आवास अनुभाग के प्रमुख सचिव के शामिल होने की उम्मीद है।

Thursday, February 17, 2011

हाजी याकूब कुरैशी ने गाड़ी का रास्ता रोकने पर सिपाही को थप्पड़

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के बीएसपी विधायक हाजी याकूब कुरैशी ने गाड़ी का रास्ता रोकने पर सिपाही को थप्पड़ मार दिया। घटनाक्रम गुरुवार रात शहर के अति संवेदनशील हापुड़ अड्डे चौराहे का है। शहर के सबसे ज्यादा बिजी रहनेवाले इस चौराहे पर रविदास जयंती के जुलूस के चलते पुलिस ने एहतियात के तौर पर ट्रैफिक डायवर्ट कर रखा था। आरोप है कि विधायक प्रतिबंधित रास्ते से जाने की जिद करने लगे। सिपाही चमन सिंह बालियान के नहीं मानने पर विधायक और उनके समर्थक सिपाही से भिड़ गए। इसी दौरान विधायक हाजी याकूब कुरैशी ने सिपाही चमन सिंह बालियान को थप्पड़ मार दिया। इस मामले में शहर विधायक कुरैशी ने कहा कि सिपाही ने मेरा रास्ता रोककर मेरे ड्राइवर से गलत व्यवहार किया। इसी के चलते यह घटना हुई। डीआईजी जे.एन.सिंह ने बताया कि पीड़ित सिपाही की तहरीर के आधार पर आरोपी बीएसपी विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

Monday, February 14, 2011

वकील को अपने घर में 12 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक वकील को अपने घर में 12 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि राजीव शर्मा ने कल अपने घर में लड़की के साथ रेप किया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीनियर पुलिस अफसर प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की मां ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई जिसके बाद लड़की को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया जिसमें रेप होने की पुष्टि हुई।

Tuesday, February 8, 2011

मुजफ्फरनगर के मूल निवासी अतिरिक्त पुलिस महासंचालक के. पी. रघुवंशी ने सोमवार को ठाणे के नए पुलिस कमिश्नर का पद भार ग्रहण किया।

राज्य के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक के. पी. रघुवंशी ने सोमवार को ठाणे के नए पुलिस कमिश्नर का पद भार ग्रहण किया। 1980 बैच के आई. पी. एस. रघुवंशी ने ठाणे के प्रभारी पुलिस आयुक्त विनोद लोखंडे से पद भार लेने के बाद कहा कि, 'लोगों का पुलिस पर अधिक विश्वास हो और पुलिस तथा पब्लिक का दोस्ताना रिश्ता बने' यही उनका प्रयास रहेगा। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में रघुवंशी ने पूर्व पुलिस आयुक्त एस. पी. एस. यादव के नक्शे कदम पर चलने की बात कही। रघुवंशी ने बताया की ठाणे उनके लिए नया नही है। वे ठाणे में बीस साल पूर्व बतौर डी.सी.पी. काम कर चुके है। उनका कहना है की ठाणे का पुलिस कमिश्नर बनाए जाने पर वे काफी सहज महसूस कर रहे है लेकिन साथ ही उनका कहना है की तब के ठाणे और आज के ठाणे में बहुत बदलाव आ गया है। रघुवंशी का कहना है कि वे ठाणे की जनता और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास करेंगे, साथ ही उनका प्रयास रहेगा की नागरिकों द्वारा पुलिस स्टेशन में शिकायत करने के बाद उनके मामले का निपटारा सही तरीके से हो सके। रघुवंशी का कहना है की निवर्तमान पुलिस कमिश्नर द्वारा शुरू की गई तमाम महत्त्वकांछी और आम जनता के हित वाली सभी योजनाएं आगे भी शुरू रहेंगी। संयुक्त आयुक्त विनोद लोखंडे, अतिरिक्त आयुक्त धनंजय कमलाकर, उपायुक्त अशोक मुराले सहित अन्य कई अधिकारियों ने नए पुलिस आयुक्त रघुवंशी का स्वागत किया। रघुवंशी ने ग्रामीण पुणे के डी. वाय. एस. पी. पद से बतौर पुलिस अधिकारी कैरियर की शुरुआत की थी। बाद में ठाणे के डी. सी. पी. बने थे, इसके बाद मुंबई, सोलापुर, गढ़चिरौली, और नगर के एस. पी. और रेलवे पुलिस के कमिशनर बने थे, सीबीआई में दस साल का उनका अनुभव रहा है। 2003 में राज्य में पहली बार एटीएस का गठन होने पर इन्हें एटीएस का प्रमुख बनाया गया था।

Monday, January 31, 2011

एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलने से मौत

मुजफ्फरनगर जिले के भोपा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दंपती के तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सोमवार को तड़के संदिग्ध हालात में दंपती के एक कमरे के मकान में आग लग गई थी। भोपा क्षेत्र में सोमवार को तड़के आग लगने की घटना तब हुई, जब महबूब कुरैशी (50) अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ अपने एक कमरे के मकान में सो रहे थे। इस अग्निकांड में परिवार के पांच लोगों की तो झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जल गए। पुलिस ने बताया कि आग लगने से महबूब, उसकी पत्नी, दो बेटे और चार और सात साल की दो बेटियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती की तीन बेटियों को जली हुई हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग दुर्घटनावश लगी या जानबूझकर किसी ने घर में आग लगाई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिस समय आग लगी, उस समय दंपती के एक कमरे के मकान में किसी ने बाहर से कुंडी लगाई हुई थी। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराई दंपती की बेटियों की हालत गंभीर है।

Friday, January 14, 2011

मुरादनगर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट्स और फ्रेंड्स कॉलोनी के लोगों के बीच जमकर मारपीट

मुरादनगर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट्स और फ्रेंड्स कॉलोनी के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच बल प्रयोग कर स्टूडेंट्स को वहां से खदेड़ा। आरोप है कि इस दौरान स्टूडेंट्स ने हवा में फायरिंग भी की। बुधवार रात कॉलोनी में कुछ स्टूडेंट हुड़दंग मचा रहे थे। कॉलोनी के लोगों ने विरोध जताया तो स्टूडेंट्स ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में कॉलोनी के लोग इकट्ठा हो गए उन्होंने भी जमकर उनकी खबर ली। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर स्टूडेंट्स को वहां से भगाया।

Monday, January 10, 2011

मोहन नगर को मेरठ रोड से जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर एक और पुल

मोहन नगर को मेरठ रोड से जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर एक और पुल बनाने के लिए सिंचाई विभाग जल्द ही टेंडर छोड़ेगा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने दावा किया कि रोड के लिए अब जमीन की बाधा भी दूर हो गई है। हिंडन नदी पर नया पुल बन जाने के बाद मेरठ रोड के एएलटी कट से मोहन नगर तक सिग्नल फ्री ट्रैफिक दौड़ेगा। गंाव करहेड़ा के सामने हिंडन नदी पर 3 लेन पुल को बनाने के लिए सिंचाई विभाग ने डिजाइन तैयार कर दिया है। इस पर करीब साढे़ 32 करोड़ रुपये खर्च आने की बात कही जा रही है। पुल और इसे जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी रोड बनाने के लिए जीडीए ने पिछले साल मई महीने में ही सिंचाई विभाग को ठेका दे दिया था। जीडीए ने करीब साढ़े दस मीटर चौड़ा पुल बनाने और इसको जोड़ने के लिए रोड बनाने के लिए दो साल का समय दिया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ग्यास आलम की मानें तो पुल को जोड़ने वाली रोड को बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि रोड बनाने में कोई अड़चन न आए, इसलिए ज्यादा से ज्यादा नगर निगम की जमीन के उपयोग का फैसला किया गया है।

Monday, January 3, 2011

नववर्ष आपको मंगलमय हो

नववर्ष आपको मंगलमय हो, जीवन पथ पर ज्योतिर्मय जय हो
सत्य न्याय और प्रेम पताका, सुगंध सुवासित नूतन किसलय हो
रहे कोई न शत्रु जग में, हे प्रभुराम प्रेममय जग हो
विपुल कीर्ती भारत की होवे, उच्च तिरंगा प्रखर अमर हो
कर जोर पुन: विनती करता, नववर्ष आपको मंगलमय हो